बिहार के इन तीन जिलों में खत्म होगा जलसंकट, इसी साल से मिलेगा गंगा जल- सीएम नीतीश
पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि गया, बोधगया, नवादा और राजगीर में जल संकट को दूर करने के लिये हमलोग गंगा जल पहुंचा रहे हैं। इसी साल इस काम को पूरा करना है। इससे पीने के साथ-साथ कपड़ा धोने और नहाने तक हर काम में लोग इसका इस्तेमाल कर सकेंगे।
इससे लोगों की भूजल पर निर्भरता और जल संकट की समस्या दूर होगी। इसके लिए 4175 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साल भर लोगों के घरों में इसकी आपूर्ति होगी। प्रति व्यक्ति रोज 135 लीटर गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। सीएम बोधगया में महाबोधि सांस्कृतिक केंद्र के लोकार्पण के बाद ऑडिटोरियम में बैठे लोगों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मौके पर लाल बलुआ पत्थर से नव पुननिर्मित महाबोधि मंदिर, बोधगया के चार मुख्यद्वार का भी उद्धाटन किया। साथ ही यहां की सुरक्षा व्यवस्था का उन्होंने जायजा लिया। महोबोधि मंदिर परिसर में 250 आरक्षियों के लिए नवनिर्मित पुलिस बैरक का भी शुभारंभ किया। साथ ही बीटीएमसी के नए भवन का शिलान्यास किया गया। मंदिर प्रांगण में जीविका द्वारा संचालित सादा नीरा स्टॉल का फीता काटकर नीरा स्टॉल का शुभारंभ किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि 2005 के बाद बिहार की वैश्विक चर्चा होती है। गंगा को गया लाने का भगीरथी प्रयास है। लोकार्पण के मौके पर उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम, पूर्व मंत्री प्रेम कुमार, सांसद विजय मांझी, बोधगया विधायक कुमार सर्वजीत के अलावा कई नेता और अधिकारी मौजूद थे।