पटना में राजभवन के सामने कांग्रेस का प्रदर्शन, कहा- मोदी सरकार के तानाशाही रवैये से हमलोग डरने वाले नहीं
पटनाः राहुल गांधी से दिल्ली में ईडी की पूछताछ जारी है। इसे लेकर देश के कई हिस्सों में कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। बिहार में भी कांग्रेस के नेता लगातार प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को राजभवन के समक्ष सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता और नेताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह भी मौजूद रहे। राज्यसभा सांसद अखिलेश सिंह ने साफ-साफ कहा कि जिस तरह का रवैया मोदी सरकार अपना रही है, उससे कांग्रेस डरने वाले नहीं है। कई कांग्रेसी नेता प्रदर्शन में जेल भी गए हैं और बिहार में भी हम लोग प्रदर्शन जारी रखेंगे। जब तक मोदी सरकार का तानाशाही रवैया चलता रहेगा, तब तक हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा। मोदी सरकार केंद्रीय एजेंसियों से गलत तरीके से काम करा रही है। जब तक मोदी सरकार माफी नहीं मांगेगी, कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। कोई भी कांग्रेस का कार्यकर्ता या नेता जेल जाने से नहीं डरता है. यह सरकार चाहती है कि डरा कर धमकाकर कांग्रेस को चुप कर दिया जाएगा ऐसा नहीं हो सकता।
“मोदी सरकार के तानाशाही रवैया की शिकायत करने कि हम लोग राजभवन पहुंचे हैं। उम्मीद है कि राजभवन हमारी शिकायत को सुनागा और कहीं ना कहीं कुछ ना कुछ राजभवन द्वारा किया जाएगा। वर्तमान में मोदी सरकार एक साजिश के तहत राहुल गांधी को फंसा रही है। जिस परिवार ने देश की आजादी से लेकर अभी तक कई कुर्बानियां दी हैं, आज उसी परिवार के साथ मोदी सरकार साजिश कर रही है जो गलत है”-अखिलेश सिंह, राज्यसभा सांसद।