लालू प्रसाद यादव ने अदालत में कहा- मैंने नहीं की थी कोई जातिसूचक टिप्पणी
पटना: 2015 की चुनावी सभा में जातिसूचक टिप्पणी के मामले में लालू प्रसाद यादव का हाजीपुर व्यवहार न्यायालय में बयान दर्ज किया गया। अदालत ने पूछा कि आप पर जातिसूचक टिप्पणी का आरोप है आप क्या कहेंगे। इस पर लालू प्रसाद यादव ने कहा यह राजनीति के तहत मामला लाया गया है। मैंने ऐसी कोई टिप्पणी नहीं की थी।
लालू प्रसाद यादव को आज गुरुवार को एसीजेएम वन स्मिता राज की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने लालू प्रसाद यादव से पूछा कि आप पर जातिसूचक शब्द के प्रयोग का आरोप है जिस पर लालू यादव ने साफ तौर से इंकार कर दिया। अदालत ने उनसे आगे पूछा कि आप इस मामले में क्या कहना चाहेंगे जिस पर उन्होंने कहा कि राजनीति के तहत यह मामला लाया गया है। बात दें कि लालू प्रसाद यादव सुबह करीब 7:50 बजे अदालत पहुंचे और 8:10 बजे के करीब लालू प्रसाद यादव बाहर आ गए इस दौरान सीआरपीसी 313 के तहत उनका बयान दर्ज किया गया। आरोप है कि 27 सितंबर 2015 को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के तेरसिया दियारा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करते समय लालू प्रसाद यादव ने जातिसूचक टिप्पणी किया था। इसके आधार पर दो दिन बाद 29 सितंबर 2015 को तत्कालीन सर्किल इंस्पेक्टर के बयान पर गंगा ब्रिज थाने में मामला दर्ज किया गया था। विभिन्न धाराओं में दर्ज इस मामले में 23 अप्रैल 2022 को अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेशी के बाद लालू प्रसाद यादव को जमानत दे दी थी। कार्यवाही के दौरान अदालत ने उनसे पूछा कि आप पर जातिसूचक टिप्पणी का आरोप है जिस पर उन्होंने कहा कि ऐसा मैंने नहीं कहा था। इसके बाद कोर्ट ने उनसे कहा कि आप इस विषय पर क्या कहना चाहेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीतिक रंजिश के तहत मामला लाया गया है। एडवोकेट श्याम बाबू राय ने बताया कि बयान दर्ज होने के बाद मामले में सरकारी पक्ष का काम हो चुका है। आगे अदालत की प्रक्रिया चलेगी।