बिहार कैबिनेट के फैसले : गया में 12.67 करोड़ रुपये से डुंगेश्वरी और ब्रह्म योनि पर्वत पर बनेगा रोपवे
पटना: पटना में मुख्य सचिवालय में चल रही नीतीश कुमार सरकार कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक खत्म हो गई है। कैबिनेट की बैठक में भवन निर्माण विभाग के एक तत्कालीन कार्यपालक अभियंता हरिगोपाल सिंह को जबरन सेवानिवृत्ति दे दी है। कुछ डॉक्टरों को भी अनुपस्थित होने पर बर्खास्त कर दिया गया। हरिगोपाल पर यह आरोप था कि साल 2015 में आए भूकंप के दौरान वे बिना किसी सूचना के मुख्यालय से गायब थे। इसके अलावा उनके ऊपर आरा समाहरणालय भवन के निर्माण कार्य के संवेदक को अधिक भुगतान करने से जुड़ा मामला भी था। सरकार ने गया के डुंगेश्वरी पर्वत पर रोपवे निर्माण कार्य कराने का फैसला लिया है। इसके लिए आठ करोड़ 43 लाख 17 हजार की राशि की स्वीकृति की गई है। साथ ही साथ गया जिले के ब्रह्म योनि पर्वत पर रोपवे निर्माण की योजना को स्वीकृति देते हुए 4 करोड़ 24 लाख की राशि स्वीकृत की गयी है। यही नहीं किशनगंज सदर अस्पताल में तैनात डॉ. जुनैद अख्तर को साल 2017 से लगातार ड्यूटी से गायब रहने के आरोप में सेवा से बर्खास्त करने की स्वीकृति कैबिनेट ने दी है। इस बर्खास्तगी की गाज किशनगंज के कोचाधामन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.आशुतोष कुमार, पूर्णिया के सदर अस्पताल में तैनात डॉ. उमेश कुमार, पूर्णिया के रेफरल अस्पताल में तैनात डॉ. अनिमेष कुमार पर भी गिरी। इन सभई की सेवाएं समाप्त कर दी गईं हैं।