द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन करेगा जदयू : ललन
पटना/कार्यालय संवाददाता।राष्ट्रपति चुनाव में जदयू ने एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है। भाजपा की ओर से मुर्मू के नाम की घोषणा मंगलवार देर शाम की गई थी लेकिन जदयू ने अब तक चुप्पी साध रखी थी। हालांकि बुधवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन उर्फ़ ललन सिंह ने स्पष्ट किया कि जदयू का पूरा समर्थन द्रौपदी मुर्मू को रहेगा।
जदयू राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ट्विट कर कहा, राष्ट्रपति के चुनाव में गरीब परिवार में जन्मी एक आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू उम्मीदवार हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सिद्धांततः महिला सशक्तिरण एवं समाज के शोषित वर्गों के प्रति समर्पित रहे हैं। जनता दल यूनाइटेड द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का स्वागत एवं समर्थन करती है। राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार बनाये जाने पर मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।
दरअसल कुछ दिन पहले ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति चुनाव के मुद्दे पर बिहार में सीएम नीतीश कुमार से फोन पर बात की थी।दोनों नेताओं के बीच भावी उम्मीदवार को लेकर बात हुई थी। हालांकि उसके बाद भी सीएम नीतीश या जदयू की ओर से पत्ता नहीं खोला गया था। अब ललन सिंह ने साफ किया है कि सीएम नीतीश कुमार हमेशा ही महिला सशक्तिरण एवं समाज के शोषित वर्गों के प्रति समर्पित रहे हैं। इसलिए गरीब परिवार में जन्मी एक आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का जदयू समर्थन करेगा।जदयू की इस घोषणा के साथ ही अब द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने की राह में कोई बड़ी बाधा होने की कोई संभावना नहीं है।