‘अग्निपथ’ के उपद्रवियों पर बढ़ी पुलिस की दबिश, पटना एसएसपी के आदेश पर हॉस्टल में छापेमारी तेज
पटना: राजधानी पटना में अग्निपथ योजना का विरोध करने वाले उपद्रवियों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के तमाम सरकारी छात्रावासों पर पटना पुलिस ने एक साथ छापेमारी की है। इस छापेमारी के लिए एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने शनिवार को आदेश दिया था। उसके बाद पटना के तमाम सरकारी हॉस्टलों पर छापेमारी की गई। इस दौरान पटेल हॉस्टल में मौजूद तीन संदिग्ध युवकों के साथ पीरबहोर थाना क्षेत्र के लॉ कॉलेज हॉस्टल से बाहरी छात्रों को हिरासत में लिया गया है। दरअसल पटना में हुए अग्निपथ योजना के विरोध में उपद्रव को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने एक टीम गठित कर शनिवार की देर रात पटना के पटेल हॉस्टल, सैदपुर हॉस्टल, लॉ कॉलेज हॉस्टल, मिंटो हॉस्टल, जैक्शन हॉस्टल सहित कई जगह पर एक साथ छापेमारी की गई। इस अभियान में पुलिस की टीम के साथ कई बटालियन और ए आर बी के जवान भी मौजूद रहे। इस पूरे छापेमारी अभियान में छात्रावास के कमरे में अवैध रूप से कब्जा जमाये हुए छात्रों को बाहर निकाला गया। उसके साथ ही हॉस्टल कैम्पस में मौजूद असामाजिक तत्वों की तलाशी की गई। वहीं, पटेल छात्रावास में तीन संदिग्ध छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बीते शनिवार की देर रात पटना के तमाम हॉस्टलों में छापेमारी शुरू हुई। इस दौरान छात्रों के बीच अफरा तफरी मच गई। बाहर से आये हुए लड़के इधर उधर दौड़ते भागते दिखे ताकि पुलिस की गिरफ्त में न आ जाये। इस दौरान हॉस्टलों में छापेमारी करने पहुंची पटना पुलिस की टीम के साथ ए.आर.बी के जवान भी नजर आये।