अब तक 7 के शव बरामद, आईएएफ ने 2 चीता हेलीकॉप्टर किए तैनात, 8 लोगों का सफल रेस्क्यू
उत्तरकाशी| सीमांत जनपद उत्तरकाशी में द्रौपदी का डांडा 2 पर्वत चोटी के पास हिमस्खलन में अभी तक 7 शव बरामद कर लिए गए हैं। डीजीपी ने बताया है कि अभी तक 8 पर्वतारोहियों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। वहीं अभी तक 25 लोग लापता बताए जा रहे हैं। बचाव और राहत कार्यों के लिए आईएएफ ने अपने 2 चीता हेलीकॉप्टर तैनात किए हैं। अन्य सभी हेलिकॉप्टरों के बेड़े को किसी भी अन्य आवश्यकता के लिए स्टैंडबाय पर रखा गया है।
नेहरू पर्वतारोही संस्थान के प्रधानाचार्य अमित बिष्ट ने बताया कि निम के 40 प्रशिक्षुओं का दल द्रोपदी का डंडा-2 पर गए थे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि फंसे लोगों को निकालने के लिए निम रेस्क्यू अभियान चला रहा है। घटनास्थल पर निम के पास दो सेटेलाईट फोन मौजूद हैं। रेस्क्यू अभियान के लिए निम के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
ये भी बताया जा रहा है कि नेहरु पर्वतारोहण संस्थान (निम) का डोकरानी नामक ग्लेशियर में बीते 22 सितंबर से बेसिक और एडवांस कोर्स की ट्रेनिंग चल रही थी। बेसिक प्रशिक्षण 97 प्रशिक्षार्थी, 24 प्रशिक्षक व निम के एक अधिकारी समेत कुल 122 लोग शामिल थे। एडवांस कोर्स में 44 प्रशिक्षणार्थी व 9 प्रशिक्षक समेत कुल 53 लोग शमिल थे।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.