नवसृजित प्राथमिक विद्यालय दादरमंडी में हाथ सफाई पर हुई चर्चा
पटना। बैगलेस सुरक्षित शनिवार एवं विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं में हाथ की सफाई एवं स्वच्छता से संबंधित व्यवहार परिवर्तन करने के उद्देश्य से राजकीयकृत नवसृजित प्राथमिक विद्यालय दादरमंडी, गुलजारबाग, पटना में विद्यालय के बैगलेस सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के फोकल शिक्षक सूर्य कान्त गुप्ता के द्वारा मध्याह्न भोजन के दौरान हाथ धोने तथा भोजन के लिए बैठने के उचित तरीके पर चर्चा आयोजित की गई। गुप्ता ने छात्र-छात्राओं को बताया कि सिर्फ हाथ को साफ रखने से ही कई संक्रामक बीमारियों से बचा जा सकता है। विद्यालय में मध्याह्न भोजन कार्यक्रम प्रतिदिन संचालित किया जा रहा है। अतः बैक्टीरिया एवं वायरस के संचरण को रोकने के लिए हाथों की उचित रूप से साफ करना, सबसे महत्वपूर्ण एवं जरूरी उपाय है। इसे सिर्फ विद्यालय में मध्याह्न भोजन के समय ही नहीं, अपितु खाना बनाते समय, किसी भी खाद्य सामग्री का प्रयोग करते समय या किसी को खाना परोसते से समय, हाथ की उचित सफाई अतिआवश्यक है। इसे हमें अपने दैनिक व्यवहार में अपनाने की सख्त जरूरत है, ताकि हम बीमारियों से बच सकें। श्री गुप्ता ने सभी छात्र-छात्राओं को हाथ सफाई करने के उचित तरीकों से अवगत कराया। चर्चा में प्रधान शिक्षक जितेंद्र कुमार, शिक्षिका दीपांजलि रानी, सभी रसोईया सहित उपस्थित छात्र-छात्राओं ने भाग लिए तथा हाथ सफाई के तरीकों के बारे में जानकारी ली।