बिहार में महागठबंधन दो फाड़.. विधान परिषद चुनाव के लिए कांग्रेस ने घोषित किए 8 प्रत्याशियों के नाम
पटना : बिहार विधान परिषद की 24 सीटों पर चुनाव के लिए कांग्रेस अकेले दम पर चुनाव लड़ने के लिए उतर गई है। फिलहाल कांग्रेस ने गुरुवार को 8 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। कांग्रेस प्रवक्ता राजेश राठौर ने कहा है कि कटिहार से सुनील कुमार यादव, पश्चिमी चंपारण से मोहम्मद अफाक अहमद, मधुबनी से सुबोध मंडल, बेगूसराय से राजीव कुमार, सीतामढ़ी से नूरी बेगम, सीवान से अशोक कुमार सिंह, मुजफ्फरपुर से अजय कुमार यादव और सारण से सुशांत कुमार सिंह कांग्रेस के विधान परिषद के उम्मीदवार होंगे। कांग्रेस ने कहा कि कांग्रेस सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा कर रही है। जल्द ही नामों की घोषणा भी होगी। राजेश राठौर ने कहा कि गठबंधन में सीट नहीं मिलने के बाद ही कांग्रेस ने अकेले दम पर चुनाव लड़ने का निर्णय लिया था। पार्टी के सह प्रभारी विरेंद्र सिंह राठौर भी लगातार बिहार आकर कार्यकर्ता और नेताओं से बातचीत की थी। फिलहाल 8 सीटों को लेकर सब कुछ साफ हो गया है और इन 8 सूची की घोषणा कांग्रेस की ओर से किया गया है। बता दें कि बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए आरजेडी ने 21 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान पहले ही कर दिया है। एक बार फिर महागठबंधन बिहार में दो फाड़ हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने 24 में से 21 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। एक सीट पर सीपीआई के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे. बाकी दो सीटों पर अभी घोषणा होना बाकी है। वहीं बीजेपी 12 और जेडीयू 11 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। वहीं पशुपति पारस को अपने कोटे से बीजेपी ने एक सीट दिया हुआ है। बीजेपी के खाते में रोहतास, औरंगाबाद, सारण, सिवान, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, कटिहार, सहरसा, गोपालगंज, बेगूसराय और समस्तीपुर सीटें आईं हैं। जबकि जेडीयू के खाते में पटना, भोजपुर, गया, नालंदा, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, भागलपुर, मुंगेर, नवादा और मधुबनी सीटें गईं हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस की आरएलजेपी वैशाली सीट पर उम्मीदवार उतारेगी। अभी बिहार एनडीए ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।