तकनीक का प्रयोग कर 25 प्रतिशत ऊर्जा के खपत हो सकता है कम : बीआईए
पटना। बिहार इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन व एलाइंस फॉर इनर्जी एफिसिएंट इकोनमी तथा एमएस इनर्जी सोल्यूशन के संयुक्त तत्वाधान में इनर्जी एफिसिएंषी एण्ड रिनएबुल इनर्जी तकनीक विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन का उद्देश्य राज्य में एमएसएमई क्षेत्र के कार्यरत उद्योगों में गैर पाराम्परिक ऊर्जा तकनीकी का उपयोग कैसे किया जाय कि वे प्रतिस्पर्द्धा में बने रहे तथा ऊर्जा संरक्षण के लिए दक्षतापूर्वक ऊर्जा का उपयोग कैसे किया जाय। किए गये एक अध्ययन के अनुसार बिहार में एमएसएमई प्रक्षेत्र में हो रहे ऊर्जा के खपत को इनर्जी आॅडिट तथा इफिसिएंट यूज आॅफ इनर्जी एण्ड टेक्नोलॉजी के माध्यम से 25 प्रतिषत ऊर्जा खपत को कम किया जा सकता है जिससे उद्योगों की मुनाफा में वृद्धि होगी तथा वे प्रतिस्पर्द्धा में आगे निकल सकते हैं।कार्यशाला के प्रारम्भ में एसोसिएशन के अध्यक्ष अरूण अग्रवाल ने कहा कि विकास के साथ साथ ऊर्जा की मांग एवं खपत लगातार बढ़ रही है और यह बढ़ती ही रहेगी, जिसको रोका नहीं जा सकता है। यह भी सत्य है कि ऊर्जा के जो पारम्परिक स्रोत है उसकी उपलब्धता सिमित है। अत: आवश्यक है कि हम ऊर्जा के गैर पारम्परिक स्रोत यथा अक्षय ऊर्जा स्रोत पर ध्यान केन्द्रीत करें। साथ ही साथ यह भी आवश्यक है कि हम अपने ऊर्जा स्रोत का दक्षतापूर्वक उपयोग करे, जिससे कि हम कम से कम ऊर्जा का उपयोग करते हुए उसका अधिक से अधिक लाभ ले सकें। गैर पारम्परिक ऊर्जा जिसमें सबसे महत्त्वपूर्ण है बिहार राज्य के परिपेक्ष्य में सौर ऊर्जा है, पर आज सबसे ज्यादा फोकस है क्योंकि सौर ऊर्जा अक्षय ऊर्जा के स्रोत के साथ साथ ग्रीन इनर्जी भी है। अर्थात सौर ऊर्जा से वातावरण को कोई नुकसान नहीं होता है।एलाइंस फॉर इनर्जी एफिसिएंट इकोनमी के दीपक तिवारी ने एमएसएमई प्रक्षेत्र में हरित ऊर्जा का क्या महत्त्व है तथा हरित ऊर्जा के उपयोग को आगे ले जाने के लिए एलाइंस फॉर इनर्जी एफिसिएंट इकोनमी का भविष्य के लिए क्या कार्ययोजना है पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। इस अवसर पर उपस्थित सीडबी के उप महाप्रबंधक प्रदीप कुमार झा ने सौलर टेक्नॉलोजी तथा इनर्जी इफिसिएंषी को आगे बढ़ाने में सीडबी की क्या नीति है तथा कौन सी वित्तीय योजना है उसपर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।उर्जा विषेषज्ञ राज कुमार ने कार्यशाला में भाग ले रहे उद्यमियों को ऊर्जा संरक्षण के क्या क्या संभावनाऐं हैं। केस स्टडी के माध्यम से इस पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन एसोसिएशन के महासचिव आशीष रोहतगी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
मैट्रिक परीक्षा समाप्त, सात दिनों में पकड़े गये 413 नकलची व 64 मुन्नाभाई
5 मार्च से होगा उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन आरंभ
पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के तत्वावधान में मैट्रिक की परीक्षा गुरुवार को समाप्त हो गयी। परीक्षा के दौरान सात दिनों में 413 परीक्षार्थी कदाचार के आरोप में तथा 64 परीक्षार्थी दूसरे के बदले परीक्षा देते पकड़े गये। सात दिनों के दौरान सबसे अधिक सारण से 72, वैशाली से 50 व नालंदा से 47 परीक्षार्थियों का निष्कासन हुआ है। वहीं भोजपुर से 25, सुपौल से 24, खगड़िया से 21, पटना से 20, नवादा से 19, रोहतास से 18, जमुई से 15,सीवान से 14, गया से 13, व गोपालगंज से 10 परीक्षार्थियों का निष्कासन हुआ है। इसके अलावा मधेपुरा, मधुबनी, सीतामढ़ी व समस्तीपुर से नौ-नौ, सहरसा से सात, बेगूसराय से 6, लखीसराय से 5, अररिया, पूर्वी चंपारण व मुगेर से दो-दो तथा भागलुपर, बांका व अरवल से एक-एक परीक्षार्थियों का कदाचार के आरोप में निष्कासन हुआ है। वहीं दूसरे के बदले परीक्षा देते सबसे अधिक सुपौल जिले से 19, जहानाबाद से 10, नालंदा से नौ,मधेपुरा से सात पकड़े गये है। वहीं नवादा से 6,सारण, बांका, व दरभंगा से दो-दो तथा गया, अरवल, खगड़िया, मधुबनी, जमूई व कटिहार से एक एक परीक्षार्थियों को दूसरे के बदले परीक्षा देते पकड़ा गया है। अंतिम दिन गुरुवार को एच्छिक विषयों की परीक्षा कदाचार व शांतिपूर्ण वातावरण में हुई। समिति से मिली जानकारी में मैट्रिक परीक्षा की कॉपियों जांच 05 मार्च से आरंभ होगी। इसके लिए राज्यभर में जिलावार मूल्यांकन केन्द्र बनाए गये हैं।
बंगाल की खाड़ी से आई नमी की वजह से बदला मौसम
पटना समेत कई जिलों में हल्की बूंदाबांदी
्रपटना। बिहार में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवा ने मौसम बदल दिया है। राजधानी पटना समेत दक्षिणी बिहार के कई जिलों में दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए हैं। पटना के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। रोहतास में बारिश के पहले ओले गिरे। इसके अलावा नवादा समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया में बादल गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की आशंका जताई है। कहा गया है कि अगले दो दिनों तक राज्य में हवा का प्रभाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य भर में समुद्र तल से 0.9 किलो मीटर ऊपर तक दक्षिण पूर्वी एवं 1.5 किलो मीटर ऊपर तक उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह देखने को मिल रहा है। वही एक ट्रफ रेखा मध्य उत्तर प्रदेश से दक्षिण पूर्व बिहार तक गुजर रही है, जो समुद्र तल से 0.9 किलो मीटर पर स्थित है। बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा का आगमन राज्य के पूर्वी एवं मध्य भागों में देखा जा रहा है। इसकी सक्रियता राज्य में और बढ़ सकती है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा। इसके बाद नमी युक्त हवा की सक्रियता बढ़ने के कारण 24 और 25 फरवरी को पूर्वी एवं मध्य भाग के अलग अलग स्थानों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश या फिर बूंदाबांदी का पूवार्नुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक 48 घंटे के दौरान रात में मध्यम स्तर के बादल छाए रहेंगे। हवा का प्रवाह भी 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक होगा। रात में मध्यम स्तर के बादल भी छाए रहने के साथ नमी व ट्रफ रेखा के प्रभाव के बाद मौसम में बदलाव दिखाई पड़ेंगे। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान रात के तापमान में दो से 4 डिग्री की वृद्धि का पूवार्नुमान है। प्राप्त जानकारी में रोहतास जिले के कई हिस्सों में गुरुवार दोपहर एक बजे ओले गिरे। 5 मिनट तक लगातार ओले गिरने से जिले के कई हिस्से पट गए। उसके बाद बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुककर हो रही है। बता दें कि सुबह से मौसम में बदलाव दिख रहा था। छिटपुट बादल थे, परंतु दोपहर 12 बजे घने बादलों की वजह से अंधेरा छाने लगा। एक बजे के आसपास पहले ओले गिरना शुरू हुए फिर बारिश शुरू हो गई। सासाराम प्रखंड, शिवसागर, चेनारी प्रखंड के बड़े इलाके में ओले गिरे हैं। ओले गिरने के बाद लोग लगातार इसके वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। कई सड़कें ओलों से पटी दिख रही हैं। बर्फबारी से मौसम ठंडा हुआ है लेकिन किसानों की परेशानी बढ़ गई है। इससे रबी फसलों एवं सब्जी की खेती को भारी नुकसान हुआ है। जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले के कुछ हिस्सों में ओले गिरने एवं वर्षा की सूचना है। प्रखण्ड कृषि अधिकारियों को फसलों के नुकसान का आकलन करने को कहा जाएगा। रिपोर्ट आने पर ही कहा जा सकता है कि फसल का कितना नुकसान हुआ है।
केंद्रीय इस्पात मंत्री ने की उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात
राज्य में इस्पात उद्योग के विकास संबंधी विषयों पर की चर्चा
पटना। केंद्रीय इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह ने भुवनेश्वर में उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से गुरुवार को मुलाकात के दौरान राज्य में इस्पात उद्योग के विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की। श्री सिंह ने कहा की राउरकेला इस्पात संयंत्र के विस्तार से उड़ीसा राज्य में आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में मदद मिलेगी। उन्होंने इस्पात निर्माण के लिए कच्चे माल की उपलब्धता और अन्य संबंधित विषयों पर चर्चा की। इस्पात मंत्री 25 फरवरी को भुवनेश्वर में इस्पात मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित दो दिवसीय खनिज समृद्ध राज्यों के ‘खान और उद्योग मंत्रियों के साथ सम्मेलन’ का उद्घाटन करेंगे। इसका उद्देश्य राज्य और केंद्र सरकारों के बीच खनन पट्टों, पर्यावरण मंजूरी, चल रही और नई खनन परियोजनाओं की वन मंजूरी से संबंधित मामलों पर बेहतर समन्वय और अवसर प्रदान करना है। इस्पात मंत्री रामचंद्र प्रसाद सिंह सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और राजस्थान की राज्य सरकारों ने सम्मेलन में भाग लेने की इच्छा की पुष्टि की है। व्यापार को सुविधाजनक बनाने में राज्य सरकारों की पूरक भूमिका को ध्यान में रखते हुए, सरकार भाग लेने वाले राज्यों को स्पेशलिटी स्टील के लिए 6,322 करोड़ रुपये की पीएलआई योजना प्रदर्शित करने के अवसर का उपयोग करेगी। इसके अलावा, आयोजन के दौरान सेकेंडरी स्टील सेक्टर की चिंताओं को समझने के लिए एक इंटरैक्टिव सत्र आयोजित किया जाएगा। सत्र के दौरान इस्पात, खान और उद्योग, राज्य और केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों के केंद्रीय और राज्य मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
वशिष्ट नारायण कप का फाइनल मैच आज
पटना। महान गणितज्ञ पदम श्री स्वर्गीय वशिष्ठ नारायण सिंह के स्मृति में राम आशीष ट्रस्ट के तत्वाधान में राजधानी पटना के उर्जा स्टेडियम में बिहार क्रिकेट संघ से मान्यता प्राप्त खेले जा रहे वशिष्ठ नारायण मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 फरवरी को दोपहर 12:00 बजे से मैजेस्टिक कोशी बनाम श्याम स्टील नालंदा के बीच खेला जाएगा। टूनार्मेंट मीडिया कमेटी के चेयरमैन कृष्णा पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आज श्याम स्टील नालंदा और देवराज शाहाबाद के बीच प्रथम सेमी फाइनल मुकाबला खेला गया। जिसमें देवराज शाहबाद ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। जबकि पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्याम स्टील नालंदा की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर आशीष मिश्रा के 64 रनों की अर्धशतकीय पारी के बाद मुकुंद मधुकर के 33 रन और हर्ष राज पूरू के 30 रन के उपयोगी पारी के सहारे कुल 149 रन का स्कोर खड़ा किया और देवराज के सामने जीत के लिए 150 रनों का लक्ष्य रखा। देवराज की ओर से गेंदबाज रवि शर्मा ने 30 रन देकर सर्वाधिक तीन विकेट जबकि आदित्य राज ने 11 रन देकर 1 विकेट चटकाए।जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी देवराज शाहाबाद ने 8 विकेट खोकर आयुष लोहारूका का के 33 रन , श्रमण निग्रोध के 29 रन व अनुज राज के 18 रन की उपयोगी पारी के सहारे निर्धारित 20 ओवरों में 127 रन हीं बनाए और श्याम स्टील नालंदा ने 22 रनों से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इस मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज पवन कुमार को बीसीए के प्रवक्ता कृष्णा पटेल ने मैन आॅफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा।
डाक टिकट संग्रहण का शैक्षणिक मूल्य अत्यधिक : राज्यपाल
चार दिवसीय डाक प्रदर्शनी डिजिपेक्स 2022 का हुआ शुभारंभ
पटना। डाक टिकट संग्रहण एक शौक है, जिसका शैक्षणिक मूल्य अत्यधिक है। एक छोटा-सा डाक टिकट मानव जीवन, कला, विज्ञान, संस्कृति इतिहास, प्रकृति आदि के बारे में काफी जानकारियाँ प्रदान करता है।ये बातें राज्यपाल फागू चौहान ने भारत की आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के क्रम में बिहार डाक परिमंडल द्वारा 24 से 27 फरवरी, 2022 तक भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत नामक विषय पर आयोजित की जा रही पहली राज्य स्तरीय वर्चुअल डाक टिकट प्रदर्शनी बिहार डिजिपेक्स-2022 के उद््घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि डाक टिकट संग्रहण से सीखने की प्रक्रिया दृृश्य सामग्रियों और आलेखों के माध्यम से और भी रोचक बन जाती है। डाक टिकट संग्रहण जानकारियों के प्रति अत्यंत सूक्ष्म और संकेन्द्रित ध्यान दे पाने की क्षमता उत्पन्न करता है। यह राष्ट्रों के बीच सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने और सार्वभौमिक भाईचारे को मजबूत करने का एक बड़ा माध्यम है। राज्यपाल ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत अत्यन्त समृद्ध है। भारतीय संस्कृति अनेक जीवन पद्धतियों का समन्वय है। यहाँ विभिन्न जातियों, धर्मों, समुदायों और पंथों के लोग निवास करते हैं, जिनकी अपनी-अपनी परम्पराएँ और संस्कृति हैं। परन्तु इस विविधता के बावजूद भारतीय संस्कृति में एक अनूठी समरसता और एकता दृृष्टिगोचर होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रदर्शनी से हमारी नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति के विभिन्न पहलुओं से अवगत हो सकेगी। राज्यपाल ने कहा कि इस डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्देश्य डाक टिकट संग्रहण के शौक को बढ़ावा देने के साथ-साथ डाक टिकट संग्रहकतार्ओं, विशेषकर नवोदित और युवा डाक टिकट संग्रहकतार्ओं और छात्रों को अपने संग्रह के प्रदर्शन का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने बिहारवासियों से इस प्रदर्शनी को आॅनलाइन देखने की अपील की। उन्होंने बच्चों को डाक टिकट संग्रहण में अभिरूचि लेकर इसे शौक के रूप में अपनाने को कहा ताकि उनके ज्ञान में अभिवृृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि बिहार डाक परिमंडल ने राज्य के अत्यंत दूरस्थ एवं अंतिम छोर तक होम आईसोलेटेड कोविड रोगियों को कोविड मेडिकल किट की डिलीवरी 24 से 48 घंटों के भीतर सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात काम किया। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद रविशंकर प्रसाद ने आजादी के आंदोलन के गुमनाम शहीदों और क्रांतिकारियों पर टिकट जारी करने का सुझाव डाक विभाग दिया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र – छात्राएं एवं अन्य जन सामान्य ज्ञान,एतिहासिक, अध्यात्मिक,सांस्कृतिक इत्यादि की जानकारी अपने ज्ञान रूपी झरोखों में संजो सकते है। डाक टिकट संग्रह न केवल ज्ञान का श्रोत है अपितु आए सृजन का भी श्रोत है। श्री प्रसाद ने इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की प्रशंसा करते हुए कहा कि लॉक डाउन के दौरान कुल 36.23 लाख खाते खोले और लॉक डाउन के समय विभिन्न बैंकों के कुल 19.30 लाख खाता धारकों को 365 करोड़ रुपए का भुगतान अएढर के द्वारा किया गया इसके साथ ही लॉक डाउन के दौरान 37.14 लाख लाभुकों को 525 करोड़ डीबीटी की विभिन्न योजना के तहत भुगतान किया गया। इस मौके पर पोस्टमास्टर जनरल अदनान अहमद ने कहा कि डाक विभाग का प्रयास रहा है कि वह बिहार के धरोहर पर विशेष आवरण प्रकाशित कर उसे उचित सम्मान दे। इसी को देखते हुए डाक विभाग ने बिहार के धराहर गोरैया पर भी विशेष पोस्टकार्ड लांच किया है। इस अवसर पर राज्यपाल ने राजभवन, बिहार, सुखेत मॉडल: धुआं मुक्त स्वच्छ गांव तथा बिहार के गुमनाम नायक (पीर अली खान एवं सात शहीद) से संबंधित विशेष आवरण का लोकार्पण भी किया। उन्होंने सुखेत मॉडल की अवधारणा देनेवाले राजेन्द्र कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कुलपति डॉ आरसी श्रीवास्तव तथा वीरता एवं अदम्य साहस के लिए राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2022 के विजेता बिहार के धीरज कुमार को सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री नन्द किशोर यादव,पटना के आयुक्त कुमार रवि,डीआरएम दानापुर प्रभात कुमारझा, चैम्बर आॅफ कामर्स के अध्यक्ष पी के अग्रवाल, निदेशक, डाक सेवाएं पवन कुमार तथा अन्य लोग उपस्थित थे।
जदयू प्रत्याशी के पक्ष में ग्रामीण विकास मंत्री ने किया जनसंवाद
पटना। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिला के मड़ियाहू विधानसभा क्षेत्र के जदयू प्रत्याशी सुशील कुमार पटेल के पक्ष में रामपुर प्रखंड के ग्राम-चकईपुर, नरपुर हथेरा, पचबल साहुपुरा, रामपुर, जयमालापुर आदि स्थानों पर जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया तथा उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक संख्या में जदयू प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर श्री सुशील कुमार पटेल को विजयी बनाने की अपील की।ग्रामीण विकास मंत्री ने मुख्य रूप से किसानों एवं युवा वर्ग से संबंधित समस्याओं पर प्रकाश डाला तथा बिहार में किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के लिए किए जा रहे कार्यो पर प्रकाश डाला। जनसंपर्क अभियान में ग्रामीण विकास मंत्री के साथ जदयू प्रत्याशी के अलावे पार्टी कार्यकर्ता दीवाकर पटेल, शिवसागर पटेल, इकबाल अली, आशीष तिवारी, धर्मराज पाल, सचिन पाल, प्रतिमा मौर्या, इन्दुमति गौतम, राजेन्द्र पटेल, बद्री भगत, रजनीश पटेल, अशोक पटेल, विप्लव विकास राय, शिवाकान्त पटेल, चन्दन पटेल, सोनू पटेल, प्रमोद चौबे, चन्दन कुमार आदि उपस्थित थे।
मुसलमानों को डरा रहा आरएसएस व बजरंग दल जैसे संगठन : अख्तरूल
पटना। एआईएमआईएम के विधायक अख्तरुल इमाम ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री लगातार दावा कर रहे हैं कि बिहार में बीजेपी का एजेंडा नहीं लागू होगो, लेकिन बिहार में बीजेपी का एजेंडा लागू हो रहा है। उन्होंने कहा कि जदयू नेता खलील अहमद रिजवी की मोब लीनचिंग कर हत्या कर दी गयी। इस दौरान उन्होंने खलील अहमद के परिवार को मुआवजे और उनको सुरक्षा देने की नीतीश सरकार से मांग की है। उन्होंने कहा कि आरएसएस व बजरंग दल जैसे संगठन मुसलमानों को डरा रहा है। जिस व्यक्ति की हत्या की गई है वह जादयू के लिए कार्य करता रहा था। खलील अहमद का सिर्फ कत्ल ही नहीं किया गया, बल्कि उनका वीडियोग्राफी भी कराई गयी है। कत्ल करने के बाद खलील को जलाने की कोशिश की गई है। उन्होंने इस दौरान बिहार के मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पीड़ित के परिजनों को 50 लाख का मुआवजा दिया जाए और मामले की स्पीड ट्रायल से कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि जिस तरह अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए जो नियम बनाया गया, वही नियम मुस्लिम समुदाय के लिए भी बनाया जाए। उनके साथ खलील अहमद की पत्नी नेमत खातून प्रेस कॉन्फ्रेंस में थी।उन्होंने कहा कि खलील अहमद की हत्या कर दी गयी है। उनके तीन बच्चे हैं। उसके लिए सरकार से आर्थिक मदद मिले। वहीं खलील रिजवी की पत्नी ने कहा दोषियों को फांसी की सजा दी जाए। परिवार के सदस्य को नौकरी मिले और परिवार को बिहार सरकार से एक करोड़ का मुआवजा मिले। विधायक अख्तरुल इमाम ने कहा 16 को पुलिस को खबर दी गई थी और 17 को एफआईआर कराई गई थी। अगर पुलिस वक्त पर कार्रवाई करती तो ऐसी घटनाएं नहीं होती।
प्रेस रूम में होगी वाई फाई की व्यवस्था : सभापति
पटना। बिहार विधान परिषद् की प्रेस सलाहकार समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए परिषद् के कार्यकारी सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि डिजिटल सदन होने के बावजूद प्रेस के सदस्यों को प्रश्नोत्तर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने परिषद् के गंभीर चचार्ओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि यहां जनहित में नीतिगत बहस होती है। उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि उच्च सदन में होनेवाली उच्च कोटि के बहसों को जनता तक पहुंचाने में अपनी महती भूमिका का निर्वाह करें। उन्होंने कहा कि परिषद् के प्रेस रुम में भी वाई-फाई की व्यवस्था कर दी गई है। इस मौके पर प्रेस सलाहकार समिति के सदस्यों ने अपने सुझाव से सदन को अवगत कराया।
अगले माह तक पटना में सीएनजी स्टेशनों की संख्या 15 से बढ़कर हो जाएगी 20
अगले माह पटना में परसा, भूतनाथ, खुसरुपुर और पंडारक में खुलेंगे नए सीएनजी स्टेशन।
पटना के अतरिक्ति मुजफ्फरपुर और बेगुसराय में भी बढ़ाई जाएगी सीएनजी स्टेशन की संख्या।
पटना। अगले माह तक पटना में सीएनजी स्टेशनों की संख्या 15 से बढ़कर 20 हो जाएगी। इसके साथ ही मार्च तक मुजफ्फरपुर और बेगुसराय में सीएनजी स्टेशनों की संख्या में वृद्धि की जाएगी। परिवहन सचिव श्री संजय कुमार अग्रवाल ने गुरुवार को सीएनजी प्रोवाइडर्स गेल, आईओसीएल, थिंक गैस एवं आईओएजीपीएल के प्रतिनिधियों के साथ सीएनजी स्टेशनों की स्थिति, नए सीएनजी स्टेशन की स्थापना एवं पाइप लाइन के विस्तार की समीक्षा की। इस संबंध में परिवहन विभाग मंत्री शीला कुमारी ने पूर्व में समीक्षा कर पटना के बाहर अन्य जिलों में भी सीएनजी स्टेशनों की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया था। परिवहन सचिव ने निर्देश दिया कि प्रमुख शहरों में नए सीएनजी स्टेशन खोलने की कार्रवाई करें एवं जहां सीएनजी स्टेशन खोले गये हैं वहां मांग के अनुरुप सीएनजी की सप्लाई करें। ताकि सीएनजी चालित वाहनों को आसानी से सीएनजी उपलब्ध कराया जा सके।उन्होंने कहा कि सीएनजी चालित वाहनों में सीएनजी भराने के लिए लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े इसके लिए विभिन्न सीएनजी स्टेशनों की विजिट करें। समस्या के कारणों की पहचान कर उसे अविलंब समाधान करने की दिशा में काम करें। परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने सभी संबंधित कंपनियों को निर्देश दिया कि राज्य में प्रस्तावित सीएनजी स्टेशनों की स्थापना एवं पाइप लाइन के विस्तार में तेजी लाएं। पेट्रोल पंपों पर सीएनजी स्टेशन की स्थापना में किसी तरह की समस्या हो तो तत्काल अवगत कराएं उसका समाधान किया जाएगा। पेट्रोल पंप पर सीएनजी स्टेशन लगाना पंप मालिक का च्वाइस नहीं है, बल्कि लगाना अनिवार्य है। समीक्षा बैठक में परिवहन सचिव के साथ राज्य परिवहन आयुक्त सीमा त्रिपाठी, अपर सचिव सन्नी सिन्हा, संयुक्त सचिव पंकज कुमार, गेल और आईओसीएल, थिंक गैस, आईओएजीपीएल के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
पीएम गतिशक्ति के तहत बिहार को मिले 5 कार्गो टर्मिनल : शाहनवाज
रेल मंत्री से मिलकर सौपा बिहार से संबंधित ज्ञापन
पटना। उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने गुरुवार को देश के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की और बिहार को कम से कम 5 शक्ति कार्गो टर्मिनल देने की मांग की। उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने मांगों का पत्र खुद रेलमंत्री से मिलकर उन्हें सौंपा। रेल मंत्री को सौंपी गई चिट्ठी में जिन 5 जगहों पर शक्ति कार्गो टर्मिनल बनाने की मांग गई है उनमें शामिल है पश्चिम चम्पारण में सुगौली, पटना के करीब फतुआ, गया जहां अमृतसर कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरीडोर में इंडस्ट्रियल मैनुफैक्चरिंग हब बन रहा है और सिल्क सिटी भागलपुर। उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने अपनी चिट्ठी में कटिहार के बथनाहा में कार्गो शक्ति टर्मिनल स्वीकृत करने के लिए भी रेल मंत्री को शुक्रिया कहा। श्री हुसैन ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात में कहा कि बिहार में तेजी से उद्योग लग रहे हैं और रोजगार का सृजन हो रहा है। पिछले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में निवेशकों ने बिहार में उद्योगों की स्थापना के लिए रुचि दिखाई है और बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश भी शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि बेहतरीन लॉजिस्टिक्स सुविधाएं औद्योगिकीकरण की राह में तेजी से आगे बढ़ रहे बिहार की आज सबसे बड़ी जरुरत है। रेल मंत्री से मुलाकात के बाद उद्योग मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मुलाकात बहुत अच्छी रही। बिहार को कम से कम 5 शक्ति कार्गो टर्मिनल देने की मांग पर गंभीरता से विचार करने का भरोसा रेल मंत्री ने दिया है। रेलमंत्री ने बिहार के औद्योगिक विकास में केंद्र सरकार की तरफ से पूरी मदद दिए जाने की बात की है।उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प देश की अर्थव्यवस्था को अत्यंत सुदृढ़ बनाना है और इसलिए देश के सभी आर्थिक जोन्स को रेल, सड़क, हवाई, जल मार्गों से बेहतरीन तरीके से जोड़ने का पीएम गति शक्ति मास्टर प्लान बनाया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार का औद्योगिकीकरण अब रफ्तार पकड़ चुका है और यहां सभी महत्वूर्ण व्यावसायिक जोन्स में अत्याधुनिक कार्गो टर्मिनल न सिर्फ औद्योगिक बिहार के लक्ष्य की प्राप्ति में मददगार होगा बल्कि बिहार देश की अर्थव्यवस्था में अपनी पूरी सहभागिता निभाएगा।
लक्ष्य हासिल करने के लिए सफलतापूर्वक करें पढ़ाई : मंत्री
पटना। कृषि विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा स्थापित कृषि जैव प्रौद्योगिकी कॉलेज सबौर और कृषि अभियंत्रण कॉलेज आरा में नवनामांकित छात्र अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी इमानदारी से सफलतापूर्वक पढ़ाई करें। तभी गुणोत्तर शिक्षा और शोध की दिशा में बेहतर काम कर सकेंगे। इसके लिए शैक्षणिक और शोध कार्य में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।उक्त बातें गुरुवार को वीर कुंवर सिंह कृषि कॉलेज डुमराव में दोनों कॉलेजों के प्रथम सत्र का शुभारंभ करते हुए राज्य के कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कही।उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में हमें जब सरकार चलाने का मौका मिला था तो राज्य की हालत बद से बदतर थी। हम लोगों ने राज्य के मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हर क्षेत्र में काम किया है और बड़ी सफलता पाई है। कृषि के क्षेत्र में भी उत्तरोत्तर विकास प्रगति पर है। इसी का परिणाम है कि हमें राष्ट्रीय स्तर पर 5 बार कृषि कर्मण्य अवार्ड भी प्राप्त हुआ है।कृषि विभाग के विशेष सचिव विजय कुमार ने कहा की कृषि जैव प्रौद्योगिकी कॉलेज में पढ़ाई पूरी कर यहां के बच्चे जलवायु अनुकूल प्रभेद का विकास, बीमारी रहित पौधे, बीज की जांच और नई बीमारी की खोज और उसके निदान की दिशा में शोध का कार्य करेंगे , जिससे राज्य की खेती किसानी को नया आयाम मिलेगा। वहीं कृषि अभियंत्रण कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थी किसानों के हित में छोटे-छोटे कृषि यंत्र, अनाज का भंडारण, कृषि उत्पाद का प्रसंस्करण और संरक्षण की दिशा में काम करेंगे।इसके पूर्व डुमराव में उपस्थित बीएयू के कुलपति डॉ अरुण कुमार ने राज्य के कृषि मंत्री और विशेष सचिव सहित अन्य आगत अतिथियों का स्वागत किया। मौके पर उन्होंने कहा बच्चों को हर हाल में गुणोत्तर शिक्षा दी जाएगी। उन्हें शैक्षणिक एवं शोध कार्य में कोई कठिनाइयां नहीं होगी। इस दिशा में कॉलेज के प्राचार्य और शिक्षक पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मौके पर डुमराव कॉलेज के प्राचार्य डॉ रियाज अहमद और कृषि अभियंत्रण कॉलेज के प्राचार्य डॉ जेपी सिंह भी उपस्थित थे।आभासी रूप से प्रथम सत्र के उद्घाटन सत्र में इधर बीएयू के मिनी आॅडिटोरियम में निदेशक प्रसार शिक्षा डॉक्टर आरके सोहाने, निदेशक शोध डॉ पी के सिंह, निदेशक छात्र कल्याण डॉ राजेश कुमार, कुलसचिव डॉ एम हक, डीन पीजी डॉक्टर आरपी शर्मा, बिहार कृषि कॉलेज के प्राचार्य डॉ एसएन सिंह, पीआरओ डॉ शशिकांत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं नव नामांकित विद्यार्थी भी उपस्थित रहे और कार्यक्रम का अवलोकन किया।
बिहार विधान परिषद में आज
शुक्रवार, 25 फरवरी 2022
1. सदस्यों द्वारा शपथ या प्रतिज्ञान
2. कार्यकारी सभापति का प्रारंभिक संबोधन
3. बिहार विधान परिषद की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली के नियम के तहत कार्यकारी सभापति द्वारा प्रतिवेदित राज्यपाल के अभिभाषण की एक प्रति सदन के विमर्श के लिए ले जाना।
4. बिहार विधान परिषद के 200वें सत्र के लिए अध्यासीन सदस्यों की तालिका की घोषणा
5. बिहार विधान मंडल के सत्र में नहीं रहने की स्थिति में राज्यपाल द्वारा प्रख्यापित अध्यादेशों की प्रमाणीकृत प्रतियों को सदन पटल पर रखना
6. वित्तीय वर्ष 2021-22 के आर्थिक सर्वेक्षण की एक प्रति सदन के मेज पर रखा जाना
7. शोक प्रकाश