देवेंद्र यादव की घर वापसी, अपनी पार्टी ‘समाजवादी जनता दल डेमोक्रेटिक’ का किया आरजेडी में विलय
पटना: शरद यादव के बाद अब पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र यादव ने भी अपनी पार्टी का राष्ट्रीय जनता दल में विलय कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी में उन्होंने समाजवादी जनता दल डेमोक्रेटिक का आरजेडी में विलय कर दिया। उन्होंने कहा कि जो लड़ाई तेजस्वी लड़ रहे हैं, उसके लिए जरूरी है कि उनका हाथ मजबूत किया जाए। इसलिए हमने तय किया कि अब साथ मिलकर सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे। इस मौके पर आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और प्रधान महासचिव अब्दुल बारी सिद्दीकी समेत प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता मौजूद रहे। पटना में आयोजित मिलन समारोह के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र यादव की आरजेडी में घर वापसी हुई है। अपने समर्थकों के साथ उन्होंने ‘लालटेन’ थाम लिया। देवेंद्र यादव झंझारपुर के सांसद रह चुके हैं। पहले वो लालू यादव के साथ ही थे लेकिन बाद में उन्होंने जेडीयू का दामन थाम लिया था। देवेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि आरजेडी सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता की सबसे बड़ी ताकत है। इस ताकत को किसी भी हालत में हमलोग कमजोर नहीं होने देंगे। माना जाता है कि देवेंद्र यादव अपने क्षेत्र के कद्दावर नेता हैं। हाल ही में आरजेडी ने झंझारपुर से विधायक रह चुके गुलाब यादव को अपनी पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। जिसके बाद गुलाब यादव ने बगावत कर विधान परिषद चुनाव में अपनी पत्नी को मैदान में उतारा है। ऐसे में देवेंद्र यादव को अपनी पार्टी में लाकर तेजस्वी यादव ने उस क्षेत्र में अपनी स्थिति को मजबूत करने की कोशिश की है।