बिहार के प्रवासी श्रमिकों को यहीं पर मिलेगा काम, 18 क्लस्टर बना कर रोजगार देगी नीतीश सरकार
पटना: कोरोना के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों से बिहार लौटे प्रवासी श्रमिकों को सरकार यहीं पर रोजगार देगी। उन्हें सीएम उद्यमी योजना के तहत रोजगार मुहैया कराया जाएगा। इसमें अभी तक 16 हजार लोगों का चयन किया जा चुका है। फिलहाल इस योजना के तहत 60 हजार श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की योजना है। इस योजना के तहत 18 कलस्टर बनाकर श्रमिकों को काम देने की व्यवस्था हो रही है। बिहार के बाहर काम करने वाले प्रवासी मजदूरों की पहचान के लिए श्रम संसाधन विभाग एक विशेष सॉफ्टवेयर तैयार कर रहा है।
इसमें सभी मजदूरों का नाम, पता और उनके स्किल के साथ ही सम्पर्क नंबर को भी अपलोड किया जाएगा। इसके बाद इसका डेटा तैयार किया जाएगा कि कोरोना काल में लौटे मजदूर अभी कहां काम कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर उनके डेटा में कुछ बदलाव करना होगा तो वह किया जाएगा।