उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार ने हसनगंज प्रखंड -सह- अंचल कार्यालय का किया लोकार्पण
उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा..संवेदनशील प्रशासन और समावेशी विकास हेतु कृत संकल्पित है सरकार।
पटना
बिहार सरकार राज्य में संवेदनशील प्रशासन और समावेशी विकास हेतु कृत संकल्पित है एवं उसके लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिबद्धता के साथ काम चल रहा है। उक्त बातें बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने कटिहार जिला अंतर्गत हसनगंज प्रखंड के प्रखंड सह अंचल भवन एवं आवासीय भवन के लोकार्पण करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि हसनगंज प्रखंड का इस भवन का निर्माण कार्य तकरीबन 21 करोड़ की लागत से सवा तीन एकड़ भूमि में भवन निर्माण विभाग द्वारा किया गया है, जिसमें प्रखंड कार्यालय अंचल कार्यालय, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, तृतीय और चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार राज्य के नागरिकों को संवेदनशील प्रशासन के साथ-साथ विकास के कार्यों को गति प्रदान करने हेतु आधारभूत संरचनाओं का निर्माण पर विशेष ध्यान दिया है। इस भवन के लोकार्पण हो जाने से स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी एवं प्रखंड और अंचल कार्यालयों में काम करने वाले लोगों को आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध हो गई हैं। उन्होंने कहा कि हसनगंज प्रखंड अंतर्गत विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण कराए गए हैं। हसनगंज-चापी घाट के सड़क को पथ निर्माण विभाग को सौंपा गया है, जिसका निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा। हसनगंज में पुलिस स्टेशन की स्थापना सुनिश्चित कराई गई है।
उन्होंने कहा कि पशुपालकों, की सुविधा के लिए मवेशी चिकित्सालयों के जर्जर भवनों के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश विभाग को दिए गए हैं। साथ ही, पशुपालन, मत्स्य पालन, डेयरी डेवलपमेंट के कार्यालयों का संयुक्त भवन जिला स्तर पर हो, इसके लिए पहल की जा रही है। उन्होंने कहा कि पशुपालन, मत्स्य पालन, मुर्गी पालन, बकरी पालन, दुग्ध उत्पादन का क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की धूरी है। इन क्षेत्रों में काम कर रहे लाभार्थियों की सुविधा एवं उनके जीवन में खुशहाली और समृद्धि के लिए सरकार बेहतर कदम उठा रही है। मछुआरा समाज के लोगों के कल्याण हेतु सरकार प्रतिबद्ध है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार ने समावेशी विकास और आत्मनिर्भर बिहार के संकल्पों को पूरा करने के लिए वर्तमान वित्तीय वर्ष में 234000 करोड़ रुपए का बजट पेश किया है। विगत वर्ष पेश किए गए 2 लाख 18 हजार करोड़ रुपए के बजट में बिहार ने दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि को विकास के कार्यों में खर्च किया है। इस उपलब्धि के कारण बिहार देश में विकास कार्यों में खर्च करने वाला पांचवाँ राज्य बना है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिलों में चलाए जा रहे कार्यक्रमों एवं उनके उत्कृष्ट क्रियान्वयन में कटिहार जिला प्रथम आया है। इसके लिए नीति आयोग की ओर से कटिहार जिला को 10 लाख की राशि मिल रही है। यह राशि जनहित और विकास के महत्वपूर्ण कार्यों में खर्च होगी। ग्रामीण विकास के कार्यों में जिला में बेहतर काम हुआ है। उन्होंने कहा कि 2005 के बाद बिहार के बदलते तस्वीर को लोगों ने महसूस किया है। हर क्षेत्र में बेहतर काम हुआ है, जिससे लोगों का जीवन सुगम हुआ है।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के दिशा में निरंतर प्रयत्नशील है। प्रखंड स्तर पर काम कर रहे पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए विभाग प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है। हसनगंज प्रखंड -सह- अंचल कार्यालय एवं आवासीय भवन का लोकार्पण इसका बेहतर उदाहरण है।
इस अवसर पर विधायक श्री विजय कुमार सिंह, विधायक श्रीमती निशा सिंह, विधायक श्रीमती कविता पासवान, कटिहार के उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, हसनगंज प्रमुख नीलू देवी, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष लखी प्रसाद महतो, जदयू जिला अध्यक्ष मो० शमीम इकबाल, हसनगंज भाजपा अध्यक्ष श्री मुकेश श्रीवास्तव, हसनगंज जदयू अध्यक्ष नंदिनी विश्वास, जिला परिषद् के सदस्य मुखियागण, पंचायत समिति के सदस्य, भारतीय जनता पार्टी के वीरेंद्र यादव, बबलू गुप्ता, राज कुमार मंडल, प्रखंड स्तरीय अन्य पदाधिकारीगण, वार्ड सदस्यगण, सहित अन्य स्थानीय कार्यकर्तागण एवं नागरिकगण उपस्थित थे।