ऊर्जा मंत्री ने भी माना बिहार में है बिजली संकट, कहा- ‘ जल्द दूर होगी समस्या’
पटना: बिजली संकट ने गर्मी में लोगों को परेशान कर दिया है। बिहार के कई जिलों में घंटों बिजली गुल होने की समस्या शुरू हो गई है। लोग गर्मी और चिलचिलाती धूप से बचने के लिए ज्यादातर अपने घरों में रह रहे हैं। लेकिन घरों में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव ने माना है कि बिजली संकट बिहार में भी है।। उन्होंने कहा कि अभी 1000 मेगावाट की कमी हो रही है। लेकिन नबीनगर में 1 यूनिट चालू हो जाएगा, उससे 500 मेगावाट बिजली बिहार को मिलेगा। बता दें कि बिहार को अभी 64 से 6500 मेगावाट बिजली की जरूरत है लेकिन 45 से 4800 मेगावाट ही बिजली मिल रही है।
जनसुनवाई कार्यक्रम में जदयू कार्यालय पहुंचे ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव ने कहा कि 1 से 2 दिनों में बिहार को बिजली संकट से छुटकारा मिल जाएगा। राजधानी पटना सहित बिहार के कई इलाकों में भीषण गर्मी के बावजूद कई घंटे बिजली काटी जा रही है। लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है। बिजली विभाग के एक अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार बिहार सरकार एनटीपीसी से 4200 मेगावाट बिजली अभी ले रही है। हालांकि बिजली करार 5200 मेगावाट की है। लेकिन देश में इन दिनों कोयला संकट गहराता जा रहा है। बिजली उत्पादन के लिए बिहार को जितने कोयला की जरूरत है, वह नहीं मिल पा रहा है। बिहार में फिलहाल जितनी बिजली की जरूरत उससे 1000 मेगावाट बिजली की कम आपूर्ति की जा रही है।