सोनू की सोनू ने सुन ली: अभिनेता ने ‘नालंदा ब्वॉय’ का पटना के स्कूल में कराया एडमिशन
पटनाः अपनी पढ़ाई के लिए परेशान हो रहे बिहार के 11 वर्षीय सोनू को आखिरकार सहारा मिल ही गया। पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सोनू से कई लोगों ने मुलाकात की, लेकिन इस 11 साल के छात्र सोनू के लिए असल हमदर्द बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद साबित हुए। अभिनेता सोनू सूद ने नालंदा के वायरल किशोर सोनू के पढ़ाई की व्यवस्था कर दी है। उन्होंने ट्वीट के जरिये बताया है कि अब पटना के स्कूल में सोनू पढ़ाई करेगा और हॉस्टल में भी रहेगा। बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने ट्वीट कर बिहार के नालंदा जिला के सोनू कुमार की पूरी शिक्षा और हॉस्टल की व्यवस्था कराने की जानकारी दी। उनके मुताबिक सोनू की शिक्षा की व्यवस्था पटना जिले के बिहटा के आइडियल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में की गई है। सोनू सूद ने ट्वीट कर लिखा- ”सोनू ने सोनू की सुन ली भाई, स्कूल का बस्ता बांधिए, आपकी पूरी शिक्षा और हॉस्टल की व्यवस्था हो गई है।
सोनू सूद से फोन के जरिये बात हुई, सोनू कुमार जो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो चुका है उसके दाखिले और पूरी व्यवस्था को लेकर उन्होंने बात की। जिसके बाद मैंने भी कहा कि सारी व्यवस्था हो जाएगी सोनू को बेहतर शिक्षा दी जाएगी। जिससे वह अपना सपना पूरा कर सके। हमने कभी सोचा नहीं था कि हमारे इस छोटे से स्कूल में बिहार का फेमस बॉय सोनू कुमार का दाखिला होगा। वह भी बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद के जरिए। जब पहली बार मुझे कॉल सोनू सूद की तरफ से आई तो मुझे भी विश्वास नहीं हो रहा था कि हमारे स्कूल में एक फेमस बच्चे सोनू कुमार के एडमिशन को लेकर सोनू सूद बात कर रहे हैं- मुकेश कुमार, निदेशक, आइडियल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल।
अब जबकि उनका एडमिशन हो चुका है, वो जल्द से जल्द पटना जाने की तैयारी में लगे हैं, ताकि वहां पढ़कर वो अपना सपना पूरा कर सकें।
बीते रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हुआ था। जिसमें सोनू मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से हाथ जोड़कर सरकारी स्कूल की जगह प्राइवेट स्कूल में नामांकन कराने की गुहार लगाते देखा गया। जितने भी लोगों ने ये वीडियो देखी उन्होंने यही कहा कि सोनू एक होनहार बच्चा है। एक्ट्रेस गौहर ने भी अपने ट्विटर हैंडल से उस वीडियो शेयर किया था। उन्होंने बच्चे की खूब तारीफ की थी। वीडियो देखने के बाद सोनू की मदद के लिए बहुत सारे लोग भी सामने आए। पप्पू यादव ने तो 50 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद भी की। वहीं, तेज प्रताप यादव इस बच्चे से इतना प्रभावित हो गए कि इसके लिए लालू पाठशाला खोलने की बात कर दी। सोनू से राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने भी मुलाकात कर उसकी हिम्मत की हौसेला अफजाई की थी। वहीं, गुरू रहमान ने भी सोनू की पढ़ाई का पूरा जिम्मा उठाने का वादा किया था।