आरसीपी सिंह की राज्यसभा उम्मीदवारी से पत्ता साफ, जेडीयू से खीरू महतो को मिला टिकट
पटना: केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के राज्यसभा प्रत्याशी नहीं बनाये जाने को लेकर अटकलें सही साबित हुईं। जेडीयू ने आरसीपी सिंह का टिकट काट दिया है। जेडीयू ने अपने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो काे राज्यसभा का टिकट दिया है। बता दें कि खीरू महतो झारखंड के पूर्व विधायक रहे हैं। वर्ष 2005 के झारखंड विधानसभा चुनाव में मांडू सीट से इन्होंने जीत दर्ज की थी। जनता दल यूनाइटेड के टिकट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। सितंबर 2021 में इन पर पार्टी ने भरोसा जताते हुए झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष की कमान सौंपी थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर अपने उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया है। जेडीयू के इस एलान के बाद आरसीपी सिंह की न सिर्फ सांसद का पद छिनेगा बल्कि केंद्र सरकार में मंत्री पद भी जायेगा। सांसद होने के कारण ही उन्हें जेडीयू कोटे से केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली है। राज्यसभा सांसद के तौर पर आरसीपी सिंह का कार्यकाल जून महीने में समाप्त हो जायेगा। यानि उसके बाद उन्हें मंत्री पद से भी हटना पड़ेगा। हालांकि प्रधानमंत्री चाहें तो बगैर सांसद रहे ही किसी को 6 महीने तक मंत्री रख सकते हैं।