भाजपा के दोनों उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र किया दाखिल
पटना: भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवारों ने आज मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। विदित हो कि भाजपा ने सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। नामांकन के आज आखिरी दिन भाजपा के दोनों उम्मीदवारों ने विधानसभा पहुंचकर नामांकन का पर्चा दाखिल किया।
इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और सम्राट चौधरी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार कल सोमवार को कागजात उपलब्ध नहीं होने के कारण दोनों उम्मीदवार अपना नामांकन नहीं कर सके थे। सोमवार को दोपहर एक बजे एनडीए उम्मीदवारों के नामाकंन के लिए समय निर्धारित किया गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद के साथ दोनों दलों के सभी बड़े नेता निर्धारित समय के मुताबिक विधानसभा पहुंच गए थे लेकिन बीजेपी भाजपा के दोनों उम्मीदवार समय से नहीं पहुंच सके। निर्धारित समय से करीब एक घंटे बाद भाजपा के दोनों उम्मीदवार आनन-फानन में विधानसभा पहुंचे थे। विदित हो कि जदयू की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार के तौर पर खीरू महतो ने तो अपना नामांकन दाखिल कर दिया था लेकिन कागजातों की कमी के कारण भाजपा के दोनों उम्मीदवार नामांकन दाखिल नहीं कर सके थे। आज मंगलवार को नॉमिनेशन के अंतिम दिन भाजपा के दोनों उम्मीदवार सतीश चंद्र दुबे और शंभू शरण पटेल विधानसभा पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया।