बेहतर स्वास्थ्य और पर्यावरण हेतु साइकिलिंग बेहद जरूरी… उपमुख्यमंत्री
★ विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने राज्यस्तरीय साइकिल रैली का शुभारंभ किया।
पटना विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर स्थानीय यूथ हॉस्टल से नेहरू युवा केंद्र पटना के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय साइकिल रैली का शुभारंभ बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने किया। उक्त मौके पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि
भारत विश्व में तेल की खपत करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश है। उन्होंने कहा कि हम जितने तेल और गैस की बचत करेंगे, उतना ही कम पेट्रोलियम का आयात हमें करना पड़ेगा। इसके लिए उन्होंने साइकिलिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे ऊर्जा संरक्षण भी होगा और बेहतर पर्यावरण के साथ-साथ स्वस्थ जीवन शैली का एक महत्वपूर्ण अंग बनेगा। उन्होंने कहा कि हमारे युवा आज और कल के भारत हैं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि ऊर्जा एवं ईंधन बचत के दृष्टिकोण से कम दूरी के लिए हमें साइकिल के उपयोग हेतु लोगों को प्रोत्साहित करना चाहिए। आज की साइकिल रैली इस दिशा में एक बेहतर शुरुआत है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार द्वारा संचालित साइकिल योजना से बेटियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। बालकों के लिए भी सरकार ने साइकिल योजना चलाकर उन्हें लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 8 वर्षों के यशस्वी कार्यकाल में जिस प्रकार से भारत का नेतृत्व किया है, उसे हम देश और वैश्विक स्तर पर महसूस कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश के सामने कई चुनौतियां हैं, परंतु युवाओं को इन चुनौतियों का मुकाबला हौसलों के साथ करना है। सशक्त और आत्मनिर्भर भारत बनाने हेतु प्रधानमंत्री जी के संकल्प को पूरा करने के लिए आज हमारे युवा हौसलों से लबरेज हैं। जब हौसले मजबूत होते हैं, तो मंजिलें आसान होती हैं। उन्होंने कहा कि नेहरू युवा केंद्र युवाओं के विकास और उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए उन्हें सक्षम बनाने की दिशा में कार्यरत है। नेहरू युवा केंद्र ने सामुदायिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। अपने कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयंसेवकों का उन्मुखीकरण करके सरकार के लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों को पंचायत स्तर पर जागृति लाने का सफल प्रयास किया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 25 वर्षों का स्वर्णिम भारत कैसा हो, इसके लिए हमें मिल-जुल कर प्रयास करना है। ऊर्जावान् युवा शक्ति और नेहरू युवा केंद्र संगठन की इसमें बहुत बड़ी भूमिका है। राज्य स्तरीय साइकिल रैली के शुभारंभ के मौके पर एन.सी.सी. बिहार-झारखंड के अपर महानिदेशक मेजर जनरल इंद्रबालन, नेहरू युवा केंद्र के राज्य निदेशक श्री अंशुमन प्रसाद दास, राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशक श्री पीयूष परांजपे, निदेशक गोपाल शर्मा, पटना नगर निगम की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर श्रीमती नीतू नवगीत सहित काफी संख्या में नेहरू युवा केंद्र, एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. के स्वयंसेवक मौजूद थे।