जदयू विधायक दल की बैठक आज, कई मुद्दों पर चर्चा संभव
पटना/कार्यालय संवाददाता।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 23 जून को जदयू के विधायकों की बैठक बुलाई है। सूत्रों के अनुसार बैठक में राज्य के सभी जदयू विधायक शामिल होंगे जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। मिली जानकारी के अनुसार सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता होने वाली इस बैठक में मुख्य रूप से विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर चर्चा होगी। सदन के सुचारू संचालन और सत्र के दौरान होने वाले विभिन्न विषयों पर चर्चा को लेकर रणनीति तय करने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह बैठक बुलाई है।दरअसल, बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र 24 जून से होना है। इस सत्र में जातीय जनगणना सहित राज्य के कई अन्य विषयों पर अहम चर्चा हो सकती है। हाल के दिनों में अग्निपथ के खिलाफ राज्य में हुए आंदोलन के दौरान आंदोलकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष हमलावर हो सकता है। वहीं कुछ मुद्दों पर भाजपा और जदयू के बीच जो तनातनी देखी गई है उसे लेकर सदन में सत्ता पक्ष भी एक दूसरे से आरोप प्रत्यारोप करते दिख सकते हैं। ऐसे में सदन में जदयू कैसे अपने प्रतिद्वंद्वि सदस्यों को जवाब देती है उस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में होने वाली बैठक में कुछ विधायकों को कुछ दिशा निर्देश दिया जा सकता है। बैठक में बिहार के भविष्य को लेकर कई बड़े फैसले हो सकते हैं। खासकर सदन में सदस्यों को अपनी तैयारी करके आने और जदयू कोटे के मंत्रियों को सभी प्रकार के जवाब तैयार करने को लेकर विशेष मंथन हो सकता है। सदन के सुचारू संचालन को लेकर विधायकों को खास निर्देश भी दिया जा सकता है।