किसानों के हित चिंतक स्वामी सहजानंद सरस्वती बहुआयामी व्यक्तित्व अनुकरणीय.. उपमुख्यमंत्री
पटना स्वामी सहजानंद किसान वाहिनी के तत्वावधान में स्थानीय आईएमए हॉल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी स्वामी सहजानंद सरस्वती किसानों हित चिंतक थे। भारत के राष्ट्रवादी आंदोलन एवं स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिए।
उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन के प्रणेता स्वामी सहजानंद सरस्वती ने समकालीन सामाजिक व्यवस्था के तहत किसानों के हितों की रक्षा हेतु संघर्ष किया। सहजानंद ने देशभर में घूम-घूमकर किसानों को संगठित कर जमींदारों के खिलाफ संघर्ष किया और आर-पार की लड़ाईयाँ लड़ी। स्वामी सहजानंद सरस्वती का तत्कालीन समाज पर गहरा प्रभाव था। उन्होंने कई पत्र-पत्रिकाओं के माध्यम से तत्कालीन समाज पर गहरा प्रभाव डाला। उनका समग्र जीवन अनुकरणीय है।
उपमुख्यमंत्री ने स्वामी सहजानंद सरस्वती की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धा नमन् करते हुए कहा कि आजादी के पूर्व एवं बाद के काल खंडों में उनके योगदान, व्यक्तित्व एवं कृतित्वों की जानकारी आगामी पीढ़ी को देने हेतु स्वामी सहजानंद किसान वाहिनी बेहतर काम कर रही है। देश की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है। स्वामी जी के बताए रास्ते पर चलकर किसानों के हित और कल्याण का मार्ग प्रशस्त कर हम सशक्त भारत का निर्माण करने की दिशा में अग्रसर हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के हित के लिए कई महत्वाकांक्षी कार्यक्रमों को संचालित किया है, जिससे किसानों का जीवन खुशहाल हुआ है।
उक्त अवसर पर बिहार प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष और सांसद डॉ० संजय जायसवाल, कृषि मंत्री श्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री श्री संजय पासवान, संस्कार भारती के कार्यकारी अध्यक्ष श्री संजीव शर्मा, स्वामी सहजानंद किसान वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री रविंद्र रंजन, राष्ट्रीय संयोजक श्री जीवन कुमार, तारकेश्वर ठाकुर, श्याम कुमार पांडे, मदन मोहन ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता गण उपस्थित थे।