पटना लौटकर बोले आरसीपी सिंह- ‘मैं आ गया हूं, सीधा आदमी हूं और सीधा चलता हूं
पटना: पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया. इस दौरान आरसीपी सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं अब वापस आ गया हूं। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि वह नई पार्टी बनाएंगे? इसका जवाब देते हुए सिंह ने कहा कि मैं सीधा आदमी हूं और सीधा चलता हूं. फिलहाल मैं अपने गांव जा रहा हूं, वहां रहूंगा। उसके बाद प्रदेश के तमाम कार्यकर्ताओं के साथ मैं बैठक करूंगा। बोले आरसीपी सिंह- ‘मैं वापस आ गया हूं’ आरसीपी सिंह ने कहा कि पार्टी में किसको कौन निकालता है उससे मेरा कुछ लेना देना नहीं है। पब्लिक लाइफ हो या प्राइवेट लाइफ हो कभी भी किसी के साथ विच हंटिंग नहीं होनी चाहिए. मैं जमीन पर आ गया हूं। 40 वर्षों का मेरा अनुभव है। मैं अपने अनुभव सभी के साथ साझा करूंगा। पटना एयरपोर्ट पर पहुंचे आरसीपी सिंह का कार्यकर्ताओं ने स्वागत करते हुए जमकर उनके पक्ष में नारे लगाए।
हम सीधा आदमी है और हम सीधा चलते हैं। गांव जा रहा हूं वहां रहूंगा। कार्यकर्ता जहां-जहां बुलाएंगे हम जाएंगे. हम हैदराबाद दौरे पर थे। उस दौरान एयरपोर्ट पर उतरे और बाहर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. कुछ लोगों ने उसको गलत तरीके से चलाया। बीजेपी में जाने की कोई बात नहीं है। कोई भी नेता कहीं जाता है तो कार्यकर्ता स्वागत करते हैं”- आरसीपी सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री।
आरसीपी सिंह पिछले कुछ समय से जदयू से नाराज चल रहे हैं। दरअसल, आरसीपी सिंह का राज्यसभा में बतौर सांसद कार्यकाल 7 जुलाई यानी कि आज खत्म हो रहा है। बिना सांसद रहे कोई भी व्यक्ति अधिक से अधिक 6 महीने तक ही मंत्री रह सकता है। जेडीयू ने उन्हें राज्यसभा सांसद नहीं बनाया और खीरू महतो को जेडीयू ने राज्यसभा पहुंचाया है। ऐसे में सिंह की नाराजगी काफी बढ़ गयी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद आरसीपी सिंह पार्टी में किस भूमिका में होंगे इस पर पार्टी के वरिष्ठ नेता भी खुलकर बोलने से बच रहे हैं।