टीका लो इनाम जीतोः डीएम ने लाभुकों को दिये ग्रैंड पुरस्कार, चेहरे पर दिखी मुस्कुराहट
लक्की ड्रॉ से चयनित तीन लाभुकों को मिला 32 ईंच एचडी एलoईoडीo टीवी
कोविड टीकाकरण के निर्धारित समय पर दूसरी डोज लेने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग एवं केयर इंडिया के सहयोग से चलायी गयी योजना ‘टीका लो इनाम जीतो’ के ग्रैंड पुरस्कार का वितरण गुरुवार को किया गया। समाहरणालय के सभाकक्ष में कार्यक्रम आयोजित कर जिला पदाधिकारी डॉo त्यागराजन एसo एमo द्वारा लकी ड्रॉ के माध्यम से चयनित तीन लाभार्थियों को यह पुरस्कार दिये गये।
इस दौरान सिविल सर्जन डॉo कमल किशोर राय, जिला स्वास्थ समिति के डीoपीoएमo नीलेश कुमार और स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्था केयर इंडिया के जिला टीम लीडर शशिरंजन तथा अन्य अधिकारी एवं चिकित्सक मौजूद रहें।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिला में निर्धारित समय पर कोविड टीकाकरण की दूसरी डोज लेने वाले तीन लोगों को पुरस्कार के रूप में 32 इंच एचडी एलoईoडीo टीवी दिया गया। टीका लो इनाम जीतो योजना के तहत पूर्व में लोगों को सांत्वना एवं बम्पर पुरस्कार दिये जा चुके हैं। इसी कड़ी में वैसे लोग जो 27 नवम्बर 2021 से 31 दिसम्बर 2021 तक नियत समय पर अपना दूसरा डोज ले चुके थे, उन्हें लक्की ड्रा के माध्यम से चयनित करते हुए ग्रैंड पुरस्कार के तौर पर 32 ईंच का एलoईoडीo टीवी प्रदान किया गया है। विजेताओं के नाम के बारे में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रैंड पुरस्कार प्राप्त करने वाले लाभुकों में शेरघाटी के धर्मेंद्र रविदास, आमस प्रखंड की सावित्री देवी तथा वजीरगंज के सरफराज खान शामिल हैं।
स्वास्थ विभाग को मिला केयर इंडिया का सहयोग
सिविल सर्जन ने बताया कि जिला में वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए सरकार द्वारा लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से टीका लो इनाम पाओ योजना चलायी गयी थी। इसमें स्वास्थ्य विभाग की सहयोगी संस्था केयर इंडिया द्वारा भी अपेक्षित सहयोग दिया गया। इस योजना के तहत निर्धारित समय पर कोविड टीकाकरण का दूसरा डोज लेने वाले कई लाभार्थियों को पूर्व में विभिन्न पुरस्कार भी दिये गये थे, वहीं एक बार पुन: इन लाभार्थियों में से तीन लाभुकों को ग्रैंड पुरस्कार के लिए चयनित किया गया।
मुस्कुराहट से झलकी पुरस्कार मिलने की खुशी
लाभार्थियों ने बताया कि उनलोगों ने कोविड टीकाकरण का दूसरा डोज़ निर्धारित समय पर कराया था। लकी ड्रॉ में उनका नाम आया और पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह स्वास्थ्य विभाग का सराहनीय पहल है। जिलावासियों से अनुरोध किया गया कि कोविड टीकाकरण के डोज निर्धारित समय पर अवश्य लें।