आरएस भट्टी बने बिहार के नए डीजीपी, एसके सिंघल की जगह लेंगे
पटना: बिहार को नया पुलिस महानिदेशक मिल गया है.आरएस भट्टी बिहार के नए डीजीपी बने हैं। बिहार सरकार के गृह विभाग के आरक्षी शाखा द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। आरएस भट्टी का कार्यकाल 30 सितंबर 2025 तक के लिए होगा। वह 1990 बैच के आईपीएस हैं और फिलहाल केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। राजविंदर सिंह भट्टी पंजाब के रहने वाले हैं। 1990 बैच के आईपीएस अफसर राजविंदर सिंह भट्टी की छवि एक कड़क अफसर की है। सितम्बर 2005 में राजविंदर सिंह भट्टी सिवान के एसपी बने थे। भट्टी बाढ़ के एएसपी भी रह चुके हैं। वह फिलहाल सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पूर्वी कमान के एडीजी के पद पर कार्यरत थे। बिहार के नए डीजीपी की रेस में आरएस भट्टी समेत चार नाम थे। इनमें 1988 बैच के मनमोहन सिंह, 1989 बैच के आलोक राज और शोभा अहोतकर शामिल थे। आरएस भट्टी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं और पंजाब के रहने वाले हैं। वर्तमान डीजीपी एसके सिंघल भी पंजाब के ही रहने वाले हैं। मनमोहन सिंह का कार्यकाल 31 जुलाई 2023 को खत्म हो रहा है। वहीं आलोक राज 31 दिसंबर 2025, आरएस भट्टी का 30 सितंबर 2025 और शोभा अहोतकर 30 जून 2026 को रिटायर्ड हो रही हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार, जो भी डीजीपी बनेंगे, उनका कार्यकाल कम से कम दो वर्ष का अवश्य होना चाहिए।