बिहार विधानमंडल के बजट सत्र को लेकर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी
“डीएम-एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश”
पटना: 25 फरवरी से बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू हो रहा है। इसको लेकर पिछले कई दिनों से तैयारी चल रही है। आज पटना के डीएम और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश दिया। विधानमंडल में तैनात होने वाले सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आज बुलाया गया था। उन्हें ब्रीफिंग दी गई। पटना के एडीएम ने पहले ब्रीफिंग दी, फिर पटना एसएसपी एमएस ढिल्लो और पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह ने सत्र के दौरान सुरक्षा को लेकर कोई चूक ना हो, इसके लिए सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। पटना डीएम चंद्रशेखर सिंह ने सुरक्षा कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि माननीयों के मान-सम्मान में किसी तरह का खलल ना हो, इसका भी पूरा ख्याल रखें। साथ ही असामाजिक तत्व या अनाधिकृत रूप से कोई भी बाहर से परिसर में ना आ जाए, इसका विशेष ख्याल रखें। अधिकारियों ने साफ निर्देश दिया कि 144 धारा सत्र के दौरान लगी रहेगी। साथ ही प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी तरह का धरना-प्रदर्शन ना हो, इस पर भी नजर रखनी होगी। इसके अलावे पिछली घटनाओं से भी सबक लेने की बात कही है। शराब की बोतल पिछली बार मिल गई थी और उसको लेकर काफी हंगामा हुआ था। वहीं बीजेपी कोटे से मंत्री को रोके जाने पर भी हंगामा हुआ था। इन घटनाओं से सबक लेकर सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि जिनकी जहां ड्यूटी है, पहले से जाकर सुनिश्चित कर लें और किसी तरह की कोई चूक नहीं होनी चाहिए। आपको बताएं कि बजट सत्र 25 फरवरी से शुरू होगा, जो 31 मार्च तक चलेगा। इस बजट सत्र में कई विधेयक भी लाए जाएंगे।