पटना में राज्यपाल फागू चौहान ने किया डाक टिकट प्रदर्शनी का उद्घाटन
पटना: राजधानी पटना में बिहार डाक परिमंडल ने बिहार डिजीपेक्स 2022 के तीन दिवसीय राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन किया। जिसका उद्घाटन राज्यपाल फागू चौहान , पूर्व केंद्रीय मंत्री व पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद और पटना साहिब विधायक नंदकिशोर यादव ने किया। दरअसल, दस सालों बाद इस तरह की अनूठी राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन पटना में हो रहा है।
पटना जीपीओ के प्रांगण में राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी को ऑनलाइन/वर्चुअल तरीके से 24 से 27 फरवरी 2022 तक आमजन के लिए प्रदर्शित किया जा रहा है। इसका अवलोकन देश के समस्त छात्र-छात्रा व युवा कर सकेंगे। इस प्रदर्शनी का थीम ‘इंडिया रिच कल्चरल हेरिटेज” रखा गया है। वहीं, इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद रविशंकर प्रसाद ने आजादी के आंदोलन के गुमनाम शहीदों और क्रांतिकारियों पर टिकट जारी करने का सुझाव डाक विभाग को दिया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से छात्र-छात्राएं और अन्य जन सामान्य ज्ञान, ऐतिहासिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक इत्यादि की जानकारी अपने ज्ञान रूपी झरोखों में संजोए रख सकते हैं। इस मौके पर राज्यपाल फागू चौहान ने कहा कि डाक विभाग से हम लोगों का सदियों पुराना नाता है। जब लोगों के पास कोई संसाधन नहीं था तो डाक विभाग एक मात्र साधन था, जो लोगों की आवाजों को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाता था। बदलते परिवेश में डाक विभाग भी अपने आपको बदल रहा है और आगे बढ़ रहा है। शहर से लेकर के ग्रामीण सुदूर इलाके में भी डाक विभाग अपनी जिम्मेवारी को निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का काम करता है।