आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय के कार्यक्रमों से गांव होंगे स्वच्छ और समृद्ध, विकसित होंगे शहर.. उपमुख्यमंत्री
अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने किया उद्घाटन।
पटना 6 मार्च 2022
स्थानीय विद्यापति भवन के सभागार में अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के तत्वावधान में नगर निकाय चुनाव पर चर्चा एवं निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह का उद्घाटन करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय-2 के तहत गांव स्वच्छ एवं समृद्ध बनेंगे एवं शहरों को विकसित एवं सुव्यवस्थित विस्तार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने गांवों को शहरों की तरह स्वच्छ एवं समृद्ध बनाने के लिए आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय-2 के अंतर्गत कार्यक्रमों को शुरू किया है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि
इस निश्चय के तहत सभी गांव की गलियों एवं सड़कों को शहरों की तरह रोशनीयुक्त करने हेतु सोलर स्ट्रीट लाइट की योजना पर काम शुरू किया गया है। इसके साथ-साथ लगाए गए सोलर स्ट्रीट लाइट के नियमित अनुरक्षण की भी सुनिश्चित व्यवस्था की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की भांति विभिन्न प्रकार के ठोस और तरल अपशिष्ट प्रबंधन हेतु व्यवस्था की जा रही है। प्रत्येक घरों से कचरा संग्रहण की व्यवस्था की जा रही है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी प्रकार, शहरों के विकास एवं व्यवस्थित विस्तार के लिए आत्मनिर्भर बिहार सात निश्चय-2 के अंतर्गत महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कार्यक्रमों को शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार नगर पालिका (संशोधन) अध्यादेश 2022 बिहार सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों में से एक है। शहरी निकाय के जनप्रतिनिधियों को प्रत्यक्ष रूप से मतदाताओं द्वारा चुने जाने से जनता के प्रति उनकी जवाबदेही सुनिश्चित होगी एवं शहरों के विकास हेतु चलाई जा रही महत्वकांक्षी योजना और परियोजनाओं में गति आएगी।इसके अलावा शहरी निकाय की योजनाओं के समुचित क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए नगर विकास प्रमंडल और निदेशालय का गठन किया गया है। प्रमंडल स्तर पर विभाग के नोडल पदाधिकारियों को मॉनिटरिंग के लिए नामित किया गया है, जिसके अच्छे परिणाम मिल रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव एवं शहरों के विकास में निर्वाचित प्रतिनिधियों की बड़ी भूमिका है। हमारा उद्देश्य होना चाहिए कि सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं की पहुंच आम जनता तक आसानी से सुलभ हो। उन्होंने वैश्य महासम्मेलन के प्रतिनिधियों का आह्वान करते हुए कहा कि आपने राष्ट्र और राज्य के विकास में समर्पित योगदान दिया है। इस समाज ने शुरू से ही स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, धर्मशाला निर्माण इत्यादि विभिन्न सामाजिक कार्यों में हमेशा बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी के लिए सामाजिक दायित्वों के निर्वाह के साथ हमें आगे आना होगा।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडे, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष श्री जगन्नाथ गुप्ता एवं अन्य प्रतिनिधियों ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान अंतर्राष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के कार्यकारी अध्यक्ष संतोष अग्रवाल, डॉ० अजय प्रकाश, श्री सुनील कुमार, डॉ० पूनम कुमारी, श्रीमती सीता सिन्हा, श्रीमती सुनंदा केसरी, सौरव भगत, डॉ० बी. नायर, संतोष जायसवाल, पंकज केसरी, राजेश्वर प्रसाद, वरुण प्रकाश, केदार प्रसाद सहित वैश्य फेडरेशन के अन्य प्रतिनिधिगण एवं सदस्यगण उपस्थित थे।