ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग समाज के ही अंग। आत्मविश्वास और बुलंद हौसलों से काम करें ट्रांसजेंडर। सरकार की योजनाओं का लें लाभ…उपमुख्यमंत्री
उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने दोस्ताना सफर के तत्वावधान में गरिमा गृह में संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया।
स्थानीय खगौल में स्थित गरिमा गृह में ‘दोस्ताना सफर’ के तत्वावधान में संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग समाज के ही अंग हैं। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि बुलंद हौसला और आत्मविश्वास के साथ अपनी संपूर्ण क्षमता का उपयोग करें। सरकार की नीतियों एवं कल्याणकारी योजनाओं का अधिक -से- अधिक लाभ लें।
उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सामाजिक संबल की जरूरत है। केंद्र सरकार एवं बिहार सरकार ने कई कल्याणकारी योजनाओं को संचालित किया है। समाज की मुख्यधारा में जुड़कर इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें। ट्रांसजेंडर समाज कई लोग आज विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नगर विकास एवं आवास विभाग आवासविहीन लोगों को बहुमंजिला इमारत बनाकर आवास मुहैया कराने की योजना पर काम कर रही है। साथ ही, वृद्ध जनों के लिए आश्रय के निर्माण की दिशा में भी काम चल रहा है। इन योजनाओं से ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को भी लाभान्वित करने हेतु प्रयास किये जाएगे।
उन्होंने कहा कि पटना वीमेन्स कॉलेज के सहयोग से गरिमा गृह में कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर को संचालित करके ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को रोजगारउन्मुख एवं आईटी क्षेत्र में प्रवीण बनाने का प्रयास सराहनीय पहल है। रेशमा प्रसाद ने किन्नर समुदाय के लोगों को आवाज दी है। इस समुदाय के लोगों के उत्थान एवं उनके समग्र विकास की दिशा में उनका प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं बिहार सरकार मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में हम लोग सबका साथ, सबका विकास की अवधारणा पर काम कर रहे हैं। ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों का योगदान समाज की बेहतरी के लिए किए जाने हेतु हर संभव प्रयास होगा।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर परिषद् की विशेषज्ञ एवं दोस्ताना सफर की संस्थापक रेशमा प्रसाद, पटना विमेंस कॉलेज की प्राचार्या सिस्टर एम. रश्मि, डॉ० जेड. हक, संतोषी किन्नर, कविता, श्रेया सिन्हा सहित अन्य किन्नर समुदाय के लोग एवं पटना विमेंस कॉलेज की छात्राएं उपस्थित थे।