‘जब तक मेरे शरीर में खून का एक भी कतरा रहेगा, तक तक हिंदुओं के हित की बात करूंगा’-गिरिराज सिंह
पटना/मुजफ्फरपुर: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के बेगूसराय के रजौड़ा की घटना को लेकर एक बार आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि जब-जब हिंदुओं पर अत्याचार होगा, मैं उसके खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करता रहूंगा। बेगूसराय से पटना जाने के दौरान मुजफ्फरपुर में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे बीजेपी नेता ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बेगूसराय की घटना में दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।सरकार को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
हिंदू हितों की बात करूंगा: गिरिराज सिंह ने कहा कि जब तक उनके शरीर में खून का एक भी कतरा रहेगा, वो हिंदुओं की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में हिंदुओं के साथ जो कुछ हुआ वो सही नहीं था, और वो यह बर्दाश्त नहीं करेंगे कि हिंदुओं के साथ कोई गलत करे। उन्होंने कहा कि सहयोगी जेडीयू के कुछ लोगों ने उनका पुतला दहन किया लेकिन इससे उनको कोई फर्क नहीं पड़ता है।
क्या था मामला: दरअसल बेगूसराय के बरौनी के फुलवरिया और राजौड़ा में हुई मारपीट की घटना में हिंदुओं पर एक खास समुदाय के लोगों द्वारा हमला किया गया था। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया था और कहा था कि एक खास वर्ग के लोगों में कानून का भय खत्म हो गया है। उन्होंने कहा था कि हिंदू प्रताड़ित हो रहे हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है. गिरिराज सिंह ने कहा था कि प्रशासन का रवैया हिंदुओं को तबाह करने का है और सच को छिपाने की कोशिश की जा रही है, मिटाने की कोशिश की जा रही है।