बिहार में समय पर ही कराए जाएंगे नगर निकाय चुनाव :डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद
पटना: बिहार में नगर निकायों के चुनाव समय पर ही कराए जाएंगे। इसकी तकनीकी बाधाओं को दूर किया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग जल्द ही चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। यह जानकारी उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने विधानसभा में दी।
वे प्रश्नोत्तर काल के दौरान भाजपा विधायक पवन जायसवाल के सवाल पर जवाब दे रहे थे। उनहोंने कहा कि सरकार चाहती है कि निकाय चुनाव समय पर हो। इसके लिए सरकार के स्तर पर सभी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। चुनाव कराने की जिम्मेवारी राज्य निर्वाचन आयोग की है।
दरअसल पवन जयसवाल जानना चाहते थे कि समय पर निकाय चुनाव नहीं होने की स्थिति में पंचायती राज प्रतिनिधियों की तरह ही निकाय प्रतिनिधियों के कार्यकाल में भी विस्तार करने का विचार है या नहीं। डिप्टी सीएम ने कहा कि समय पर निकाय के चुनाव करा लिए जाएंगे। इसलिए सरकार के पास ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।