बिहार उपचुनाव 2022 : बोचहां के रण में उतरेंगे नीतीश कुमार
पटना: बोचहां उपचुनाव 2022 के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुजफ्फरपुर जाकर प्रचार करेंगे।सीएम आगामी 10 अप्रैल को अपना दौरा करेंगे। इसकी जानकारी उन्होंने मीडिया को दी।बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान करने के बाद सीएम नीतीश कुमार ने पटना में ये जानकारी दी। बोचहां उपचुनाव में एनडीए ने भाजपा की उम्मीदवार बेबी कुमारी को मैदान में उतारा है।इस सीट पर दावेदारी को लेकर काफी उथल-पुथल रही और एनडीए में बड़ा भूचाल भी मचा। भाजपा और मुकेश सहनी ने एक-दूसरे के ऊपर जमकर हमला बोला और अंतत: मुकेश सहनी की पार्टी में बड़ी तोड़फोड़ करने के बाद उन्हें एनडीए से बाहर कर दिया गया।सहनी से मंत्री पद भी छीन लिया गया।बता दें कि मुकेश सहनी ने भी यहां से उम्मीदवार उतारे हैं।
बेबी को मिल रहा हर वर्ग का समर्थन : मंत्री
बोचहां विधानसभा चुनाव भाजपा और एनडीए के लिए विचारधारा की लड़ाई है। अन्य दल इस चुनाव को व्यक्ति, जाति और मजहब के रूप के तोड़कर बोचहां की एकता को तार तार करने में लगे हैं। ये बातें रविवार को विधि एवं गन्ना विकास मंत्री प्रमोद कुमार ने मुशहरी के विभिन्न पंचायतों में आमजन से मुलाकात के बाद रोहुआ गांव में प्रेस वार्ता के दौरान कही।