नीतीश-तेजस्वी आएंगे साथ तो सीबीआई भेजेगा केंद्र, पोस्टर के जरिए आरजेडी का पीएम मोदी पर वार
पटना: जब से राबड़ी आवास पर सीबीआई का छापा पड़ा है, तब से राष्ट्रीय जनता दल केंद्र सरकार पर सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग करने का आरोप लगा रहा है। आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के ‘पुष्पा का मैं झुकेगा नहीं’ अवतार के बाद अब आरजेडी ने पोस्टर के जरिए पीएम मोदी पर हमला बोला है। इसके जरिए ये बताने की कोशिश की गई है कि अगर जातीय जनगणना कराने के लिए सीएम नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव साथ आएंगे तो केंद्र सीबीआई भेजेगा। आरजेडी के पोस्टर में नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव एक साथ बैठकर बातें करते दिख रहे हैं। कैप्शन में लिखा है, दोनों मिलकर जातीय जनगणना कराएंगे। वहीं, एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में पिंजरा है, जिसमें तोता बंद है। तोता को सीबीआई बताया गया है। साथ ही कैप्शन लिखा है, तो हम सीबीआई भेजेंगे। पोस्टर में राबड़ी आवास और लालू यादव को भी दिखाया गया है। पोस्टर पर बड़े अक्षरों में लिखा है, सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग बंद करो। आरजेडी ने पोस्टर के जरिए पीएम मोदी पर हमला बोला, आरजेडी के प्रदेश महासचिव भाई अरुण का कहना है कि जिस तरह विपक्षी पार्टी के नेताओं पर लगातार सीबीआई और ईडी की रेड करवाई जा रही है, वह ठीक नहीं है। वर्तमान केंद्र सरकार सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग कर रही है। हम लोग पोस्टर लगाकर यह मांग करते हैं कि इस दुरुपयोग को बंद किया जाए। वहीं, आरजेडी नेता सरदार रंजीत सिंह ने कहा कि बार-बार हम लोग यह आरोप लगाते हैं कि सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग हो रहा है। इसके बावजूद केंद्र सरकार नहीं मान रही है और जिस तरह से लालू यादव के परिवार को तंग किया जा रहा है, उसका हम लोग विरोध करते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि सीबीआई और ईडी का दुरुपयोग जल्द बंद नहीं हुआ तो इसके खिलाफ बिहार में एक बड़ा आंदोलन होगा। इससे पहले शुक्रवार को आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव के 17 ठिकानों पर सीबीआई ने छापा मारा था। एक टीम राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड भी पहुंची. टीम में कुल 10 लोग थे, जो राबड़ी आवास में जांच कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मामला रेलवे भर्ती से जुड़ा है। जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे. केंद्रीय जांच ब्यूरो ने पूर्व रेल मंत्री लालू यादव और उनकी बेटी के खिलाफ भ्रष्टाचार का नया मामला दर्ज किया है। रेलवे में नौकरी के बदले जमीन घोटाले को लेकर सीबीआई ने लालू, राबड़ी, मीसा और हेमा यादव सहित 13 अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।