ग्लोबल अवरोधों के बाद भी भारत का निर्यात पिछले साल 670 अरब डॉलर का हुआ : पीएम मोदी
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को निर्यातकों और उद्योग जगत से अपने लिए दीर्घकालिक निर्यात लक्ष्य तय करने को कहा। साथ ही निर्यातकों से सरकार को जरूरी सुझाव देने को कहा, ताकि इन लक्ष्यों को हासिल किया जा सके। उन्होंने वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के नए परिसर – ‘वाणिज्य भवन’ का उद्घाटन करने के मौके पर यह बात कही। मोदी ने कहा कि सरकार ने कारोबारी सुगमता के लिए 32,000 से अधिक अनावश्यक अनुपालनों को खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक व्यवधानों के बावजूद भारत का कुल निर्यात पिछले वित्त वर्ष में 670 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया और ये आंकड़े इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि विकासशील देश को विकसित राष्ट्र बनाने में निर्यात महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नए वाणिज्य भवन से व्यापार, वाणिज्य और एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े लोगों को काफी फायदा होगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने एक नए पोर्टल का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि निर्यात पोर्टल सभी हितधारकों को महत्वपूर्ण आंकड़े बिना किसी विलंब के मुहैया करेगा। पोर्टल का नाम निर्यात (व्यापार के वार्षिक विश्लेषण के लिए राष्ट्रीय आयात-निर्यात रिकॉर्ड) है। इस पोर्टल के जरिए हितधारकों को एक जगह पर भारत के विदेश व्यापार से संबंधित सभी जरूरी जानकारी मिल सकेगी। इंडिया गेट के पास बने नए परिसर को एक स्मार्ट इमारत के रूप में डिजाइन किया गया है, जिसमें ऊर्जा की बचत पर खासतौर से ध्यान दिया गया है। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि सरकार ने 32,000 से अधिक अनावश्यक अनुपालनों को हटा दिया है और विकासशील देश को विकसित राष्ट्र में बदलने में निर्यात महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जहां तक निर्यात पोर्टल की बात है तो यह सभी लाभार्थियों को महत्वपूर्ण रीयल-टाइम डेटा मुहैया कराएगा। बता दें कि इंडिया गेट के पास निर्मित वाणिज्य भवन को एक स्मार्ट इमारत के रूप में डिजाइन किया गया है। जिसमें ऊर्जा की बचत और मजबूत वास्तुकला पर फोकस किया गया है। यह एक एकीकृत और आधुनिक कार्यालय परिसर के रूप में काम करेगा। जिसका उपयोग मंत्रालय के तहत दो विभागों यानी वाणिज्य विभाग और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग द्वारा किया जाएगा।