उपमुख्यमंत्री ने वाणिज्य-कर विभाग के प्रवर्तन कार्य को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने हेतु 21 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
पटना। स्थानीय अंटा घाट स्थित वाणिज्य-कर विभाग के कार्यालय प्रांगण से बिहार के उपमुख्यमंत्री श्री तारकिशोर प्रसाद ने 21 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि वाणिज्य-कर विभाग कर-संग्रहण के मामले में बेहतर काम कर रहा है। राज्य के कर संग्रहण में वाणिज्य-कर विभाग की 80 प्रतिशत से अधिक योगदान है। राज्य के विकास में विभाग महती भूमिका का निर्वहन कर रहा है। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री को विभागीय सचिव द्वारा प्रतीक चिन्ह् एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग के प्रवर्तन कार्य को सुदृढ़, गोपनीय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा 21 स्कॉर्पियो वाहनों का क्रय करके जी.एस.टी. दिवस के अवसर पर आज राज्य के विभिन्न कार्यालयों को सुलभ कराया गया है। उन्होंने बताया कि नए वाहनों के आ जाने से विभाग में प्रवर्तन कार्यों की गोपनीयता और गतिशीलता में वृद्धि होगी। इस मौके पर वाणिज्य-कर विभाग की राज्य-कर आयुक्त -सह- सचिव डॉ० प्रतिमा, विभाग के वरीय पदाधिकारी श्री अरुण मिश्रा, विभागीय मुख्यालय एवं अंटा घाट स्थित वाणिज्य-कर कार्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।