शराबबंदी से लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है : सुनील कुमार
पटना। जदयू प्रदेश मुख्यालय में बुधवार को ‘‘कार्यकर्ताओं के दरबार में मंत्री’’ कार्यक्रम में माननीय मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार सम्मिलित हुए। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याओं को सुन उनका समाधान किया व संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उक्त अवसर पर जदयू के विधान परिषद में मुख्य सचेतक संजय गाँधी भी मौजूद रहे।
‘‘कार्यकत्ताओं के दरबार में मंत्री’’ कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन मंत्री सुनील कुमार ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आँकड़े इस बात की गवाही देते हैं कि 2016 में शराबबंदी लागू होने के बाद बिहार में देशी और विदेशी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश के लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि सरकार के सामने सिर्फ रेवेन्यू का मामला नहीं होता बल्कि हमें समाज भी देखना होता है। शराबबंदी लागू होने के बाद से प्रदेश में घरेलू हिंसा एवं सड़क दुर्घटना में काफी कमी आई है, सड़कों पर हुड़दंग नहीं होतेl प्रदेश के 90% लोग शराबबंदी लागू होने से प्रसन्न हैं, महिलाओं की खुशी का तो अंदाजा भी नहीं लगाया जा सकता। कानून का उलँघन करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगाl एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विधानसभा के आसन्न चुनाव में महागठबंधन दोनों ही सीट पर चुनाव जीतेगी।