आरजेडी का पोस्टर प्रहार: कुर्सी के लिए कुछ भी करेंगे नीतीश कुमार .. लेकिन ‘झुकेगा नहीं…’
पटना: बिहार की दो प्रमुख दल आरजेडी और जदयू के बीच पोस्टर वार कोई नई बात नहीं है। 2020 विधानसभा चुनाव में दोनों तरफ से जमकर पोस्टर वार हुए थे। अब एक बार फिर से आरजेडी ने नीतीश कुमार पर पोस्टर के जरिए हमला किया है। पोस्टर में नीतीश कुमार की योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह वाली तस्वीर लगी है, जिसमें वे पीएम मोदी के सामने झुकते हुए दिख रहे है। आरजेडी ने तंज कसा है कि नीतीश कुमार कुर्सी के लिए कुछ भी करने को तैयार है।
पोस्टर में लालू यादव ‘झुकेगा नहीं’: पोस्टर में लालू यादव भी है। जिसमें यह दिखाने की कोशिश की गई है कि लालू प्रसाद यादव पर ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई, पीएमओ और जदयू के तरफ से दबाव बनाया गया लेकिन इसके बावजूद वे कभी झुके नहीं। पोस्टर में लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे को भी दिखाया गया है। बता दें कि योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में जिस प्रकार से नीतीश कुमार ने झुककर प्रधानमंत्री से मुलाकात की, इस तस्वीर को सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी आरजेडी के तरफ से मुद्दा बनाया जा रहा है।
राबड़ी देवी ने भी सीएम को घेरा: इससे पहले बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी हमला बोलते हुए कहा था कि नीतीश जी प्रधानमंत्री के गोड़ में गिर गए। उनकी कुछ मजबूरी होगी। आरजेडी की तरफ से नीतीश कुमार की तस्वीर को लगातार मुद्दा बनाकर को उछाला जा रहा है। हालांकि जदयू के तरफ से भी लगातार इसका जवाब दिया जा रहा है। उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को लालू परिवार पर इसको लेकर निशाना साधा था।