बिहार विधान परिषद के 200वें सत्र का समापन, सभापति ने कहा- परिसर में होगा स्तंभ का निर्माण
पटना: बिहार विधान परिषद का बजट सत्र समाप्त हो गया है। इसी के साथ विधान परिषद के 200वें सत्र का समापन हो गया है। सत्र के बारे में बताते हुए सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि इस सत्र में 22 बैठकें आयोजित की गई जिसमें 1030 प्रश्नों की सूचना प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि 922 प्रश्नों को स्वीकृत किया गया। जिसमें 434 प्रश्न का उत्तर दिया गया। सभापति ने कहा कि इस सत्र में 158 ध्यानाकर्षण की सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिसमें 97 सूचना का उत्तर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह 200वां सत्र था और बहुत अच्छे तरीके से सत्तापक्ष और विपक्ष के सहयोग से इसे चलाया गया। सभी सदस्यों ने सहयोग किया है। अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि ई विधान प्रणाली लागू होने पर प्रश्नों का उत्तर भी डिजिटल माध्यम से आने लगा है। जिससे सदस्यों को भी सुविधा हुई है। उन्होंने कहा कि वैसे प्रश्न जो अनुत्तरित रह गए हैं, उनको अगले सत्र में लिया जाएगा। अवधेश नारायण सिंह ने इस दौरान बताया कि 200वें सत्र को यादगार बनाने की बात माननीय सदस्यों ने किया था। यही सोचकर सभी सदस्यों की मांग पर विधान परिषद परिसर में एक स्तंभ का निर्माण कराया जाएगा। जिसमें 200वें सत्र में भाग लेने वाले सभी सदस्यों का नाम अंकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जिस तरह ये सत्र चला है, वो यादगार रहे। इसीलिए ये स्तंभ बनाया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी स्वीकृति दे दी है।