आरजेडी को बड़ी राहत, कांग्रेस एमएलसी चुनाव में नहीं उतारेगी उम्मीदवार
पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव की गहमा गहमी के बीच कांग्रेस ने बुधवार को साफ कर दिया कि वह विधान परिषद चुनाव में प्रत्याशी नहीं उतारेगी। इस घोषणा के बाद राजद को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस ने चुनाव में प्रत्याशी उतारने की घोषणा कर बिहार का सियासी पारा बढ़ा दिया था। कांग्रेस की इस घोषणा के बाद संभावना व्यक्त की जाने लगी थी कि कांग्रेस चुनाव में राजद का खेल बिगाड़ सकती है। विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता अजीत शर्मा ने बुधवार को साफ कर दिया कि कांग्रेस विधान परिषद में अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी। शर्मा ने कहा कि हमने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद से भी मुलाकात की उनसे भी निवेदन किया था कि वह सोनिया गांधी से मिलें। उन्होंने कहा कि राजद ने बिना बातचीत किए ही तीनों प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी। अब तो ये नामांकन भी भर चुके हैं।
“हम लोगों ने आलाकमान को भी इसकी सूचना दे दी। कांग्रेस किसी भी स्थिति में हॉर्स ट्रेडिंग जैसे चीजों की ओर नहीं जाएगी। आलाकमान ने भी कहा कि आपके पास संख्या बल नहीं तो कैसे प्रत्याशी उतारेंगे। सात सीटों पर हो रहे चुनाव में एक सीट के लिए 31 विधायक चाहिए, जो कांग्रेस के पास नहीं है” – अजीत शर्मा, कांग्रेस विधायक दल के नेता।