समाज के सच्चे सुधारक थे संत गाडगे : श्याम
पटना। पूर्व मंत्री श्याम रजक ने कहा कि संत गाडगे जी महराज समाज के सच्चे सुधारक थे और उनके प्रयास से ही समाज के कमजोर तबके को काम करने की प्रेरणा मिली। वे पटना जिला रजक समिति के तत्वावधान में संत गाडगे जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजधानी के कैपीटल धोबी घाट को बचाने के लिए सबको एकजुट होकर काम करना होगा। इस मौके पर अखिल भारतीय धोबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व विधायक डॉ. आरआर कनौजिया ने कहा कि संत गाडगे बाबा समाज के मागदर्शक थे और उनकी प्रेरणा से ही समाज के वंचित वर्ग को न्याय मिल रहा है। महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामविलास प्रसाद ने कहा कि राजधानी का न्यू कैपिटल धोबी घाट रजक समाज का धरोहर है और इसके अस्तित्व को मिटाने की साजिश हो रही है इसे बचाने के लिए समाज के सभी लोगों को एकजुट होकर आवाज बुुलंद करना होगा। इस मौके पर हम के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बीएल वैश्यंत्री, विन्देश्वरी प्रसाद, हरिलाल मधुकर, सुधीर कुमार रजक, कारू रजक, रामेश्वर रजक, गनौरी रजक, जग्गु रजक, ललन कुमार अकेला, प्रहलाद कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने संत गाडगे की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।