तेजस्वी की आरएसएस पर इस टिप्पणी से डिप्टी सीएम हुए नाराज
”कहा संघ एक राष्ट्रवादी संस्था, ऐसे बयान बर्दाश्त नहीं”
पटना: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का तीसरा दिन है। बजट सत्र 2022 के तीसरे दिन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को लेकर गहमा गहमी देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आरएसएस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जाने उनका क्या विषय है, हम तो इनके साथ काम कर चुके हैं, छोटे हैं, इन्होंने ही कहा था कि आरएसएस बहुत खतरनाक है। हम तो उन्हीं की बातों को याद दिला रहे हैं।बीजेपी को उनकी टिप्पणी नागवार गुजरी। जिसके बाद उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने मोर्चा संभालते हुए विरोध जताया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हम सभी विमर्श कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर टिप्पणी की है। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। आरएसएस ऐसी राष्ट्रवादी संस्था है, जिसके सदस्य होने पर हम सभी गौरवान्वित हैं।
‘आज भारत के माननीय राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सभी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सदस्य हैं। हम सभी को गर्व है कि हम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयं सेवक हैं। ऐसी राष्ट्रवादी और सांस्कृतिक संगठन पर टिप्पणी उचित नहीं है। इसे कार्यवाही का हिस्सा नहीं बनाया जाए। संघ पर टिप्पणी हम सभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। माननीय एक सदस्य ने जो टिप्पणी की है, वो सदन के बाहर की है। सदन में माननीय सदस्य की टिप्पणी नहीं आई है, इस पर स्पष्टीकरण भी ले चुके हैं”- तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री