1857 की क्रांति के नायक बाबू वीर कुंवर सिंह के वंशज की पुलिस पिटाई से मौत! जांच के लिए एसआईटी गठित
पटना/आरा: भोजपुर में रेफरल अस्पताल जगदीशपुर में इलाजरत एक युवक की मौत का मुद्दा काफी गरमा गया है। इसे लेकर बवाल हो रहा है। मृतक क्रांति के नायक बाबू वीर कुंवर सिंह का वंशज बताया जा रहा है। युवक की मौत की खबर पर सैकड़ों की संख्या में लोग रेफरल अस्पताल पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन व स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। लोगों का आरोप है कि पुलिस की पिटाई से यह मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। मृतक के नाराज परिजन दोषी अस्पताल प्रभारी और सीआईएटी जवानों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इस दौरान लगातार 8 घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मृतक जगदीशपुर नगर के वार्ड संख्या 18 वीर कुंवर सिंह किला गढ़ निवासी स्व. कुंवर विजय सिंह के 45 वर्षीय पुत्र कुंवर रोहित सिंह उर्फ बबलू सिंह बताए जा रहे हैं। इस मामले के तुल पकड़ते देख पुलिस ने तत्काल एसआईटी का गठन किया है। वहीं मृतक की माता सह बीजेपी नेत्री पुष्पा सिंह (वीर कुंवर सिंह के वंशज) ने प्रशासन की मिलीभगत से बेटे की हत्या का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा मेरे बेटे की साजिशन हत्या की गई है।वीर कुंवर सिंह किला प्रांगण में सीआईएटी जवानों द्वारा किये जा रहे गलत कार्यों का मेरे बेटे रोहित उर्फ बबलू सिंह ने विरोध किया था। इसके चलते जवानों ने मारपीट कर उसे रेफरल अस्पताल के गेट के सामने सोमवार की देर रात फेंक दिया। मंगलवार को करीब 2 बजे उसकी मौत हो गई। मृतक की मां ने रेफरल अस्पताल के प्रभारी पर बेहतर इलाज न कर जानबूझकर मारने का संगीन आरोप लगाया है। अंततः एसडीएम सीमा कुमारी व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, मृतक के भाई कुंवर अजय प्रताप सिंह, परिजनों तथा गणमान्य लोगों की मौजूदगी में बातचीत और जांच के पश्चात उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद आक्रोशित परिस्थिति कुछ शांत हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल आरा ले जाया गया। भोजपुर के एसपी विनय तिवारी भी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने कहा जगदीशपुर में ऐसी घटना सामने आयी है। हमने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया है। परिजनों से आवेदन ले रहे हैं। परिजन जिन पर शक जाहिर कर रहे हैं, हम उन पर एफआईआर दर्ज कर रहे हैं। उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी।