जेडीयू नेता दीपक मेहता हत्याकांड: एसआईटी को मिला जांच का जिम्मा, हिरासत में 4 संदिग्ध
पटना: पटना के दानापुर में जदयू नेता दीपक कुमार मेहता हत्याकांड की जांच जिम्मेदारी एसआईटी को सौंपी गई है। पटना के एसएसपी मनजीत सिंह ढिल्लो ने दानापुर डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित किया है। इस एसआईटी में दानापुर, रूपसपुर, दीघा और शाहपुर के थानेदारों को शामिल किया गया है। डायल हंड्रेड के अधिकारियों को भी इसके अलावा इस टीम में शामिल किया गया है। पुलिस ने चार अज्ञात अपराधियों पर हत्या का केस दर्ज किया है। चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर चल रहे विवाद के अलावा चुनावी रंजिश समेत पहलुओं पर इस हत्याकांड की जांच कर रही है। दीपक कुमार मेहता की पत्नी शिल्पी देवी ने दानापुर थाने में लिखित बयान दर्ज करवाया है। उसमें उन्होंने किसी से भी दुश्मनी की बात से इनकार किया है। शिल्पी देवी ने अपने बयान में किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है। जदयू नेता दीपक कुमार मेहता के शव का पोस्टमार्टम आईजीआईएमएस में करवाया गया। उसके बाद शव को परिजनों को सौंपा दिया गया। सूत्रों के अनुसार इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड ने सुपारी किलर का सहारा लिया है। अपराधी दीपक मेहता की लगातार रेकी कर रहे थे। सुपारी किलर ने सिर और सीने में गोलियां उतार दीपक मेहता की जान की हत्या की। पुलिस टीम उस सुपारी किलर तक पहुंचने की हर संभव कोशिश कर रही है। जदयू नेता दीपक कुमार मेहता हत्याकांड पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जाहिर किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। पटना एसएसपी मानव जीत सिंह ढिल्लो ने कहा है कि मामले की तहकीकात चल रही है। परिवार वालों के तरफ से अभी कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई है। भूमि विवाद और नगर निकाय चुनाव में आपसी रंजिश का मामला सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ जदयू नेता के मोबाइल पर हुई बातचीत की भी जांच कर रही है। परिजनों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ ही जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।