बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार धीरज बर्खास्त, भ्रष्टाचार का आरोप
पटना: आय से अधिक संपत्ति मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कुमार धीरज को बर्खास्त कर दिया है। आर्थिक अपराध इकाई की छापेमारी के बाद उनके खिलाफ ये एक्शन लिया गया है। उन पर आय से करीब 544 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। दरअसल, लखीसराय एसपी की ओर से इस मामले में पिछले दस मई को जिला आदेश जारी कर दिया गया है। इस मामले में पिछले साल 25 अक्टूबर को ही सस्पेंड किया गया था। एसपी की ओर से जारी जिलादेश में मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष पर पद का दुरूपयोग कर अपने और परिजनों के नाम पर करोड़ों की संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा अनुशासनहीन और आपराधिक चरित्र वाला बताया गया है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध अनुसंधान इकाई की टीम ने मंगलवार को पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यमक्ष नरेन्द्र कुमार धीरज के कई ठिकानों पर छापामारी की थी। बेऊर के अलावा उनके भाइयों और भतीजे के भोजपुर स्थित 9 ठिकानों पर रेड हुई थी। नरेन्द्र कुमार धीरज पर भ्रष्टाचार के जरिए करोड़ों रुपए की संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। नरेंद्र कुमार धीरज बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर तैनात हैं। उनपर आरोप है कि उन्होंने आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है. इसे लेकर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।