छात्र युवा दल ने पटना विश्वविद्यालय में की तालाबंदी, प्रधानमंत्री से जल्द ही अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग
पटना: बिहार में अग्नीपथ की अग्नि शांत होने का नाम ही नहीं ले रही है। सरकार की इस योजना को लेकर छात्रों का आक्रोश दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। जहाँ छात्रों ने पहले बिहार के कई जिलों के रोड़ों को जाम किया, ट्रेनों को फूंका, गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया, नेताओं को अपने इस क्रोध का शिकार बनाया और भी कई प्रकार से इस योजना का विरोध किया। वहीं बवाल को देखते हुए 20 जिलों में इंटरनेट सेवा पर रोक लगाई गई थी।
वहीं छात्रों के समर्थन में और इस योजना के विरोध में तेजस्वी यादव ने राजभवन का मार्च किया था और प्रधानमंत्री के समक्ष अपनी 20 मांगों को रखते हुए राज्यापाल को ज्ञापन सौंपा था। जिसके बाद ये आश्वासन दिया गया थे कि अब छात्र किसी भी प्रकार का उपद्रव नहीं करेंगे। लेकिन आज अग्नीपथ योजना को लेकर जाप पार्टी की तरफ से छात्र युवा दल ने पटना विश्वविद्यालय में तालाबंदी की और मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द से जल्द इस योजना को वापस ले।
इसी के साथ ही छात्रों में प्रधानमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार हमारी मांगों को नहीं मानती है तो वे 27 तारीख को पूरे बिहार के विश्वविद्यालयों को बंद करेंगे। छात्रों का साफ कहना है कि जितने छात्रों पर एफआईआर हुआ है या जिनकी गिरफ्तारी हुई है उनको जल्द से जल्द छोड़ा जाए और इस अग्निपथ योजना को वापस लिया जाए।