मध्य विद्यालय के विद्यार्थियों को विज्ञान की प्राथमिक जानकारी अवश्य दी जाए- कौशल किशोर दत्त
राजकीय उर्दू माध्य विद्यालय, सकरी गली, गुलजारबाग, पटना में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति उत्सुकता जगाने के उद्देश्य से अगस्त्या इंटरनेशनल फाउंडेशन के सौजन्य से सभी छात्र छात्राओं को श्री कौशल किशोर दत्त, विद्यालय अवर निरीक्षक, गुलजारबाग के कर कमलों से ACTI LEARN पुस्तक वितरण कराया गया। इस मौके पर श्री गौतम कुमार, अगस्त्या इंटरनेशनल फाउंडेशन के ट्रेनर ने बताया कि इस पुस्तक के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होगा। विद्यालय अवर निरीक्षक ने इस प्रकार के सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री संजय कुमार एवं अगस्तया फाउंडेशन के ट्रेनर का धन्यवाद दीया एवं अन्य विद्यालय में भी पुस्तक वितरण करने का अनुरोध किया। विद्यालय अवर निरीक्षक ने छात्र छात्राओं को आश्वस्त किया कि पठन-पाठन कार्य में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मध्य विद्यालय के विद्यार्थियों को विज्ञान की प्राथमिक जानकारी अवश्य दी जानी चाहिए। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने इस पुस्तक से संबंधित बच्चों को जानकारी देते हुए कहा कि इस पुस्तक में मनुष्य के कंकाल, हम कैसे दिखते हैं, हम लोग सांस कैसे लेते हैं, हम लोगों की श्वास गति क्या है, हमारा मस्तिष्क कैसे कार्य करता है, हम कैसे गति करते हैं एवं हम लोगों का भोजन कैसे आता है इन सब की प्राथमिक जानकारी इस पुस्तक में बहुत अच्छे से अंकित की गई है। विद्यालय के शिक्षक श्री मोo मोअज़्ज़म आरिफ बताया कि यह पुस्तक विज्ञान की अद्भुत दुनिया की सैर कराने के साथ-साथ रोज़मर्रा की जिंदगी में विज्ञान से संबंधित जुड़े हर कार्यों से परिचित कराएगा। विद्यालय के विज्ञान शिक्षक श्री राजेश कुमार ने इस पुस्तक के बारे में बताया कि इस पुस्तक के माध्यम से बच्चे भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से और करीब होंगे। इस मौके पर संकुल समन्वयक श्री मणिकांत जी ने इस पुस्तक को प्राकृतिक संरक्षण को बढ़ावा देने का उत्तम स्रोत माना। इस मौके पर विद्यालय के अन्य शिक्षक श्री मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।