भागलपुर ब्लास्ट: पीएम मोदी ने सीएम नीतीश से फोन पर की बात, घटना पर जताया अफसोस
पटना: बिहार के भागलपुर में एक घर के अंदर आधी रात को भीषण विस्फोट हुआ है। इसमें 8 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार से फोन पर बात की और पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने भागलपुर हादसे पर चिंता जाहिर की। प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए इस घटना पर अफसोस जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि बिहार के भागलपुर में धमाके से हुई जनहानि की खबर पीड़ा देने वाली है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। घटना से जुड़े हालातों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से भी बात हुई। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है, और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।