पीएचईडी मंत्री ने स्वीकारी नल जल योजना में गड़बड़ी की बात
“कहा- ‘कुछ गड़बड़ तो हुआ है”
पटना: बिहार के पीएचईडी मंत्री रामप्रीत पासवान ने माना है कि बिहार में नल जल योजना में गड़बड़ी हुई है। हालांकि उन्होंने कहा कि जो भी इस गड़बड़ी में संलिप्त पाए गए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई भी हुई है। मंत्री ने कहा कि पहाड़ी इलाकों को छोड़ दें तो राज्य के ज्यादातर जगहों पर शुद्ध पेयजल लोगों को पहुंचाया जा रहा है। नल जल योजना में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर विभागीय मंत्री रामप्रीत पासवान ने माना कि नल जल योजना में गड़बड़ी हुई है और इसको लेकर लोग जेल भी गए हैं। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने वार्ड पार्षद और मुखिया पर भरोसा किया लेकिन कई लोगों ने गड़बड़ी की है।
गड़बड़ी करने वाले हवालात में: मंत्री ने कहा कि उनके भी विधानसभा क्षेत्र में गड़बड़ी हुई है। हालांकि उस मामले में वार्ड पार्षद और मुखिया जेल गए हैं। इसके अलावे कई पंचायत समिति सदस्य भी जेल भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद अधिकांश जगहों पर शुद्ध पेयजल लोगों को पहुंचाया जा रहा है। रामप्रीत पासवान ने दावा किया कि इस बार पानी की किल्लत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि लोगों को हम लोग शुद्ध पेयजल पहुंचा रहे हैं। गर्मी को लेकर भी विभाग ने तैयारी कर रखी है।