इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से यात्रियों की कमी से 7 उड़ानें निरस्त
इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से गुरुवार को 7 उड़ाने निरस्त हो गई हैं। यात्रियों की कमी के कारण आज इंदौर से सात उड़ानों को निरस्त किया गया है। जिनमें हैदराबाद, बैंगलुरु, मुंबई, लखनऊ और जबलपुर की उड़ानें शामिल हैं। देर रात तक और उड़ान निरस्त हो सकती हैं।
देश भर में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों और कोरोना से संक्रमित होने के डर के चलते लोग यात्रा से बच रहे हैं। सिर्फ बहुत जरुरी होने पर ही यात्रा के लिए निकल रहे हैं। यात्रियों की कमी के चलते एयर लाइंस के लिए उड़ानों का संचालन भी मुश्किल हो रहा है।
इसके कारण एयर लाइंस लगातार उड़ानों को निरस्त कर रही है। गुरुवार इंदौर से संचालित होने वाली सात उड़ानों को निरस्त किया गया है। इनमें सुबह 6.20 बजे हैदराबाद जाने वाली, 6.55 बजे लखनऊ, 8.40 बजे जबलपुर और 11.40 बजे जाने वाली बैंगलुरू उड़ान के साथ ही सुबह 8.15 बजे हैदराबाद से आने वाली, 8.35 बजे बैंगलुरु से और 9.50 बजे मुंबई से आने वाली उड़ानें शामिल हैं। देरशाम तक कुछ और उड़ानें भी निरस्त हो सकती है।
प्रबन्धन सूत्रों के अनुसार उड़ानों के निरस्त होने की जानकारी ना मिल पाने के कारण सुबह से ही कई यात्री एयरपोर्ट पहुंच गए थे। जब एयरपोर्ट पर उड़ान निरस्त होने की जानकारी मिली तो यात्री नाराज भी हुए। उड़ान कंपनी ने रिबुकिंग और रिफंड का विकल्प दिया।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार ऐसी स्थिति बन रही है। जिसमें यात्री की कमी से उड़ान कंपनी उड़ान ही निरस्त कर देती हैं। इसके अलावा विस्तारा ने तो अपनी उड़ान को 21 दिनों के लिए निरस्त कर दिया हैं।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.